बिहार के पूर्व DGP विनय कुमार बने राज्य के नए मुख्य सूचना आयुक्त, नोटिफिकेशन जारी

1991 बैच के IPS अधिकारी बिहार के पूर्व DGP विनय कुमार को बिहार राज्य सूचना आयोग का नया मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस बाबत बिहार सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार को राज्य का नया मुख्य सूचना आयुक्त (CIC) नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय त्रि-सदस्यीय चयन समिति की बैठक में इस फैसले पर सहमति बनी। इस महत्वपूर्ण बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शामिल थे। त्रिपुरारी शरण का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से खाली पड़े इस संवैधानिक पद को भरने के लिए औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। छुट्टी पर गए डीजीपी  विनय कुमार ने 25 सितंबर 2026 को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन दिया था। बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने पुलिस महानिदेशक विनय कुमार के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के आवेदन को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया और अधिसूचना जारी कर दी।  

डीजीपी विनय कुमार का वी आर एस तत्काल प्रभाव से स्वीकार करते ही पूर्व पुलिस महानिदेशक विनय कुमार को बिहार राज्य का नया राज्य मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त करते हुए अधिसूचना जारी कर दिया है।  जारी अधिसूचना के अनुसार विनय कुमार, भा.पु.से. (सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक)  को पद-ग्रहण की तिथि से बिहार राज्य का 'राज्य मुख्य सूचना आयुक्त' नियुक्त किया गया है। 


1991 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी विनय कुमार बिहार के प्रशासनिक इतिहास में पहले ऐसे शीर्ष पुलिस अधिकारी होंगे, जो मुख्य सूचना आयुक्त का पद संभालेंगे। आमतौर पर इस पद पर पूर्व IAS अधिकारियों या न्यायिक सेवा के लोगों का वर्चस्व रहा है। बतौर डीजीपी उनका निर्धारित कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 तक था, लेकिन अब इस नई नियुक्ति के बाद वे राज्य सूचना आयोग में पारदर्शिता और राइट टू इन्फॉर्मेशन (RTI) व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। 


DGP विनय कुमार वर्तमान में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर 15 सितंबर से 21 दिनों की छुट्टी पर हैं। उनकी अनुपस्थिति के दौरान 1991 बैच की ही वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को बिहार पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। विनय कुमार के मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में चयन के बाद यह तय हो गया है कि वे अवकाश से लौटने के बाद पुलिस सेवा से निकलकर अपनी नई संवैधानिक भूमिका में पदभार ग्रहण करेंगे। 


मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित  बैठक में मुख्य सूचना आयुक्त के अलावा पूर्व विधि सचिव और न्यायिक सेवा के अधिकारी रहे अंजनी कुमार सिंह को राज्य सूचना आयुक्त बनाने का निर्णय भी लिया गया है। वहीं दूसरी ओर, विनय कुमार के नई भूमिका में जाने की वजह से बिहार में नए स्थायी DGP की तलाश शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने वरिष्ठ IPS अधिकारियों की एक सूची केंद्र सरकार को भेजी है, जिसमें से यूपीएससी के साथ विचार-विमर्श कर जल्द ही नए DGP के नाम पर फैसला लिया जाएगा।