सूखा संकट से जूझते किसानों के लिए सम्राट सरकार का बड़ा ऐलान, सीएम ने विधानसभा में की घोषणा, अब सिंचाई के लिए इस समय मिलेगी बिजली

विधानसभा में विपक्ष ने कहा, किसानों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है। बारिश की कमी के बीच फसलों को बचाने के लिए सिंचाई की जरूरत बढ़ गई है, लेकिन बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है

Power Supply for irrigation in Bihar- फोटो : news4nation

Bihar Drought Alert : बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बारिश की कमी और किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया गया। प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष के विधायक ने ही किसानों को हो रही बिजली आपूर्ति की समस्या को सदन में उठाया। विधायकों ने कहा कि राज्य के कई इलाकों में किसानों को समय पर बिजली नहीं मिल पा रही है, जिसके कारण सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसलों को नुकसान का खतरा बना हुआ है।


किसानों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है। बारिश की कमी के बीच फसलों को बचाने के लिए सिंचाई की जरूरत बढ़ गई है, लेकिन बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद सदन में जवाब देने के लिए खड़े हुए और मामले का संज्ञान लिया।


बारिश की कमी से संभावित सूखे का मुद्दा भी उठा

सदन में आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत ने बिहार में संभावित सूखे की स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में बारिश की कमी के कारण किसान और आम लोग प्रभावित हो रहे हैं। कुमार सर्वजीत ने सरकार से इस मामले पर सदन में वक्तव्य देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस मुद्दे पर जवाब नहीं देती है तो विपक्ष सदन की कार्यवाही का बहिष्कार करने को मजबूर होगा।


CM सम्राट चौधरी का बड़ा निर्देश

किसानों की समस्याओं पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों को राहत देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए बिजली पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक लगातार बिजली उपलब्ध कराने का इंतजाम किया जा रहा है, ताकि किसान आसानी से अपने खेतों में सिंचाई कर सकें।


मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के जिन इलाकों में सुखाड़ जैसी स्थिति होगी, वहां किसानों को राहत देने के लिए डीजल अनुदान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार बारिश की स्थिति और किसानों की समस्याओं पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार राहत के कदम उठाए जाएंगे। इस तरह बिहार में बारिश की कमी के बीच किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की समस्या से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद सदन में जवाब दिया और किसानों को राहत देने के लिए सरकार की तैयारियों की जानकारी दी।