बिहार के स्कूलों में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर झंडोत्तोलन के नियम जारी, शिक्षा विभाग का कड़ा निर्देश

बिहार शिक्षा विभाग ने 80वें स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) को लेकर राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के लिए विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। शिक्षकों व छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। पढ़ें झंडोत्तोलन के नए नियम।

15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर बिहार के सरकारी स्कूलों के लिए बड़े निर्देश जारी- फोटो : news 4 nation

बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों के लिए विस्तृत और कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) यतीन्द्र कुमार पाल द्वारा राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO), जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (DPO) और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (BEO) को भेजे गए आधिकारिक पत्र में स्पष्ट किया गया है कि इस वर्ष झंडोत्तोलन का कार्यक्रम अत्यंत गरिमापूर्ण, हर्षोल्लास और भारतीय झंडा संहिता, 2002 के नियमों के पूर्ण अनुकूल होना चाहिए। इसके साथ ही समारोह के दिन विद्यालय के सभी शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति को शत-प्रतिशत अनिवार्य किया गया है।


झंडोत्तोलन के लिए तय हुए कड़े नियम और प्राथमिकता

पत्र में ध्वजारोहण करने वाले मुख्य अतिथि को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी गई है। जारी निर्देश के अनुसार, विद्यालयों में झंडोत्तोलन सबसे पहले विद्यालय प्रबंध समिति या शिक्षा समिति के अध्यक्ष द्वारा किया जाएगा। यदि अध्यक्ष अनुपस्थित रहते हैं, तो यह जिम्मेदारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक निभाएंगे, और प्रधानाध्यापक की अनुपस्थिति में विद्यालय के वरीय शिक्षक झंडोत्तोलन करेंगे। यदि प्रबंध समिति के अध्यक्ष अपनी जगह किसी प्रतिनिधि को भेजते हैं, तो उस प्रतिनिधि को कार्यक्रम में सम्मानपूर्वक शामिल तो किया जाएगा, लेकिन किसी भी परिस्थिति में प्रतिनिधि द्वारा झंडोत्तोलन नहीं कराया जाएगा।


अभिभावकों और समिति सदस्यों को आमंत्रण

शिक्षा विभाग ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को केवल एक औपचारिक आयोजन न बनाकर इसमें व्यापक सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। इसके तहत विद्यालय प्रधानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यालय प्रबंध समिति और विद्यालय शिक्षा समिति के सभी सदस्यों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित करें। इसके अलावा, विद्यालय प्रधान विद्यार्थियों के माध्यम से सभी अभिभावकों को भी झंडोत्तोलन कार्यक्रम में सम्मिलित होने का निमंत्रण भेजेंगे, ताकि इस राष्ट्रीय पर्व में पूरे समुदाय की सहभागिता दर्ज हो सके।


कार्यक्रम का क्रमबद्ध प्रारूप और समापन प्रक्रिया

शिक्षा विभाग ने झंडोत्तोलन समारोह के क्रमबद्ध संचालन के लिए एक निश्चित शेड्यूल तय किया है। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत के गायन से होगी, जिसके बाद मुख्य झंडोत्तोलन, फिर राष्ट्रगान का गायन, तत्पश्चात भाषण या संबोधन और अन्य सांस्कृतिक/शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन पुनः राष्ट्रगीत और अंत में राष्ट्रगान के साथ आधिकारिक रूप से किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ सभी विद्यालयों में इन आदेशों का अक्षरसः अनुपालन सुनिश्चित कराएं।