Bihar Teacher Transfer Posting: बिहार शिक्षा विभाग में बड़ा बदलाव, अब इन कर्मचारियों पर तबादले की लटक रही तलवार, पूरे राज्य में पोस्टिंग की तैयारी

Bihar Teacher Transfer Posting: बिहार के शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय और जिला कार्यालयों में वर्षों से एक ही जगह जमे कर्मचारियों की तैनाती व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। ...

Bihar Teacher Transfer Posting: बिहार के शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय और जिला कार्यालयों में वर्षों से एक ही जगह जमे कर्मचारियों की तैनाती व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। विभाग कर्मचारियों के कैडर और ट्रांसफर-पोस्टिंग के नियमों में संशोधन का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। नई व्यवस्था लागू हुई तो संबंधित संवर्ग के कर्मचारियों का तबादला केवल जिला या प्रमंडल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जरूरत के मुताबिक बिहार के किसी भी जिले में पोस्टिंग दी जा सकेगी।

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, प्रस्ताव का एक अहम हिस्सा कर्मचारियों के लिए तय अंतराल पर तबादले का प्रावधान है। फिलहाल एक स्थान पर लंबे समय तक काम करने की स्थिति को देखते हुए करीब पांच साल का अंतराल तय किए जाने पर मंथन चल रहा है। पांच वर्ष पूरे होने के बाद कर्मचारी को प्रशासनिक जरूरत के मुताबिक दूसरे जिले में भेजने का रास्ता खुल सकता है।

नई व्यवस्था में रैशनलाइजेशन यानी कर्मचारियों का जरूरत के हिसाब से पुनर्विन्यास भी किया जाएगा। जिन कार्यालयों में स्वीकृत काम की तुलना में कर्मचारियों की संख्या अधिक है, वहां से कर्मियों को उन दफ्तरों में भेजा जा सकता है जहां काम का बोझ ज्यादा और कर्मचारियों की संख्या कम है। शिक्षा विभाग में शिक्षकों की तैनाती को जरूरत और उपलब्धता से जोड़ने की कवायद के बाद अब इसी तर्ज पर कार्यालयी कर्मचारियों के लिए भी व्यवस्था बनाने की तैयारी है।

दरअसल, सरकारी कार्यालयों में अलग-अलग संवर्ग के लिए कैडर का दायरा अलग है। किसी कर्मचारी का कैडर राज्यस्तरीय है, तो किसी का जिला या प्रमंडल स्तर का। कैडर का दायरा सीमित होने के कारण तबादले की गुंजाइश भी उसी क्षेत्र तक रहती है। शिक्षा विभाग के अधीनस्थ कार्यालयों में लिपिकीय संवर्ग के कर्मचारियों की व्यवस्था भी लंबे समय से इसी तरह रही है।

इसका असर यह हुआ कि अधिकारी बदलते रहे, लेकिन कई कर्मचारी वर्षों तक उसी कार्यालय में बने रहे। नए अधिकारी को स्थानीय कामकाज और पुरानी फाइलों की जानकारी के लिए उन्हीं कर्मचारियों पर निर्भर रहना पड़ता है। विभाग अब इसी निर्भरता को कम करने और तबादला प्रक्रिया को ज्यादा व्यापक, पारदर्शी और जरूरत आधारित बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के स्तर से ट्रांसफर-पोस्टिंग व्यवस्था में बदलाव पर जोर दिया जा रहा है। शिक्षकों के लिए 2026 में ऑनलाइन प्रक्रिया आधारित नई स्थानांतरण व्यवस्था लागू की गई है। अब इसी सोच को विभागीय कर्मचारियों की तैनाती तक विस्तार देने की तैयारी है। हालांकि प्रस्तावित नियमों को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही नई व्यवस्था का वास्तविक स्वरूप स्पष्ट होगा।