Bihar News - बिजली ट्रिपिंग पर ऊर्जा सचिव का कड़ा रुख, बोले - 'लापरवाही बर्दाश्त नहीं, फॉल्ट हुआ तो अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

बिहार के ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह ने राज्य की बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक ट्रिपिंग और तकनीकी फॉल्ट के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

Patna - ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार सिंह ने गुरुवार को बीएसपीटीसीएल (BSPTCL) और दोनों डिस्कॉम के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने हाल के दिनों में हुई ट्रिपिंग और फॉल्ट की घटनाओं पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि उपभोक्ताओं को मिलने वाली बिजली आपूर्ति में कोई भी बाधा बर्दाश्त नहीं होगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ त्वरित अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। 

SOP का पालन और नियमित रखरखाव अनिवार्य

विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ऊर्जा सचिव ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के सख्त पालन पर जोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी ट्रांसमिशन परिसंपत्तियों और ग्रिड सब-स्टेशनों का नियमित निरीक्षण और समयबद्ध रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। बैठक में ग्रिड की स्थिरता और वोल्टेज प्रोफाइल में सुधार के लिए विभिन्न विद्युत इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया। 

उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने का लक्ष्य

बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना रहा। ऊर्जा सचिव ने कहा कि किसी भी तकनीकी बाधा या आपूर्ति अवरोध की स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम कम से कम होना चाहिए ताकि त्वरित कार्रवाई कर आपूर्ति बहाल की जा सके। उन्होंने ट्रांसमिशन लाइनों की उपलब्धता और उपकरणों की कार्य स्थिति की विस्तृत जांच करने के आदेश दिए। 

क्षेत्रीय अधिकारियों की ऑनलाइन निगरानी

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में बीएसपीटीसीएल, एसएलडीसी (SLDC) और दोनों डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित थे। वहीं, राज्य के विभिन्न हिस्सों में तैनात क्षेत्रीय अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। ऊर्जा सचिव ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को अपनी देखरेख में मेंटेनेंस कार्य पूरा करने और फॉल्ट की संभावनाओं को शून्य करने का टास्क दिया है।