Bihar Politics : भाजपा नेता राजीव रंजन ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना, कहा -'नौवीं फेल को विकास और शिक्षा पर बोलने का हक नहीं'

Bihar Politics : भाजपा नेता राजीव रंजन ने कहा की तेजस्वी यादव को वर्तमान सरकार पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.....पढ़िए आगे

Bihar Politics : भाजपा नेता राजीव रंजन ने तेजस्वी यादव पर सा
तेजस्वी पर निशाना - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिक प्रतिपुष्टि एवं प्रतिक्रिया विभाग के प्रदेश संयोजक राजीव रंजन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि तेजस्वी यादव को वर्तमान सरकार पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। राजीव रंजन ने तेजस्वी को 'एक्सीडेंटल उपमुख्यमंत्री' करार देते हुए कहा कि राजनीति में उनका कोई अपना जनाधार नहीं है और वे केवल अपने परिवार की विरासत के दम पर राजनीति कर रहे हैं।

"लालू-राबड़ी काल में सड़क में गड्ढा था या गड्ढे में सड़क?"

तेजस्वी द्वारा शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर उठाए गए सवालों पर कटाक्ष करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि यह समझ से परे है कि नौवीं फेल व्यक्ति शिक्षा पर बात कर रहा है। उन्होंने कहा, "तेजस्वी बाबू, अपने माता-पिता के 15 साल के शासनकाल को याद कीजिए, जब बिहार में 'पहलवान विद्यालय' चलते थे। उस दौर में विकास का यह आलम था कि फर्क करना मुश्किल था कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क। बिजली का तो नामोनिशान तक नहीं था।"

अपराध के मुद्दे पर घेरा: "आज संगठित अपराध का अंत हुआ"

प्रदेश संयोजक ने आरोप लगाया कि लालू-राबड़ी के राज में बिहार में कोई सुरक्षित नहीं था। सरेराह हत्या, लूट, बलात्कार और डकैती जैसे जघन्य अपराध आम बात थे। उन्होंने तेजस्वी को जवाब देते हुए कहा, "आज बिहार में संगठित अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाया गया है। जो भी घटनाएं होती हैं, प्रशासन उनका शीघ्र उद्भेदन करता है। आपके राज के 'जंगलराज' से निकलकर आज बिहार विकास के नए आयाम गढ़ रहा है, जिससे 'बिहारी' कहलाना अब गर्व की बात बन गई है।"

"खुद 70 छेद वाले दूसरों पर क्या आरोप लगाएंगे"

राजीव रंजन ने तेजस्वी यादव की राजनीतिक साख पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिसके दामन पर खुद इतने दाग हों, उसे दूसरों पर कीचड़ उछालते हुए शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तेजस्वी के आरोपों पर तो 'शर्म भी शर्मा जाए'। भाजपा नेता के अनुसार, तेजस्वी यादव बिहार की राजनीति में पूरी तरह 'फ्लॉप' साबित हो चुके हैं और जनता ने उन्हें नकार दिया है।

अपनी जमीन बचाने की नसीहत

अंत में राजीव रंजन ने नेता प्रतिपक्ष को अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अगर पिछले 15 सालों में राजद सरकार ने बिहार को गर्त में नहीं धकेला होता, तो आज बिहार देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शीर्ष पर होता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को सरकार पर अनर्गल आरोप लगाने के बजाय इस बात की चिंता करनी चाहिए कि वे राजनीति में अपनी डूबती नैया को कैसे पार लगाएंगे।