खरीफ 2024 में फसल नुकसान की भरपाई, 1.17 लाख किसानों को मिली सहायता राशि

Crop Assistance - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत खरीफ 2024 मौसम में फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को राज्य सरकार ने सहायता राशि प्रदान की है। सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने लाभुक किसानों को सहायता राशि वितरित की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत करीब 1 लाख 17 हजार 708 किसानों को कुल 1 अरब 4 करोड़ 46 लाख 46 हजार 405 रुपये की सहायता दी गई है।


मंत्री ने कहा कि खरीफ 2024 के दौरान फसल की उपज में हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को यह राशि दी जा रही है। बिहार राज्य फसल सहायता योजना का उद्देश्य प्राकृतिक या अन्य कारणों से फसल की उपज प्रभावित होने पर किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।


फसल नुकसान के आधार पर सहायता

योजना के तहत किसानों को सहायता राशि के लिए किसी तरह का प्रीमियम नहीं देना पड़ता है। यह योजना पूरी तरह राज्य सरकार के निधि से संचालित की जाती है। उपज दर में 20 प्रतिशत तक की कमी होने पर किसानों को 7,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से सहायता दी जाती है। वहीं, 20 प्रतिशत से अधिक उपज में कमी होने पर 10,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से सहायता राशि निर्धारित है।


सहकारिता मंत्री ने कहा कि योजना के माध्यम से फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को तत्काल आर्थिक संबल देने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि फसल खराब होने की स्थिति में किसानों पर आर्थिक बोझ कम हो और उन्हें राहत मिल सके।