Bihar News : बिहार सरकार और सीआईपीएल ने किये समझौते पर हस्ताक्षर, पटना में कोर डेवलपमेंट सेंटर और एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की होगी स्थापना
PATNA : आईटी क्षेत्र की नामी कंपनी, कॉरपोर्ट इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड (सीआईपीएल) और बिहार सरकार के बीच राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश हेतु मंगलवार को एक समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू इंडिया एआई समिट-2026 के दौरान बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
एमओयू हस्ताक्षर समारोह में बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, बिहार सरकार के सूचना प्रावैधिकी विभाग के प्रधान सचिव अभय कुमार सिंह, सूचना प्रौद्योगिकी एवं उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार सहित बिहार सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इस एमओयू के अंतर्गत सीआईपीएल द्वारा पटना में एक कोर डेवलपमेंट सेंटर एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी। इस परियोजना का उद्देश्य बिहार की डिजिटल गवर्नेंस प्रणाली को सुदृढ़ करना एवं राज्य को पूर्वी भारत में सूचना प्रौद्योगिकी और एआई के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस मौके पर सीआईपीएल द्वारा दिये गए निवेश प्रस्ताव के अनुसार, इस परियोजना के लिए कंपनी कुल 30 करोड़ रूपये के प्रारंभिक निवेश से अपना काम शुरु करेगी और आने वाले वर्षों में यह निवेश बढ़कर 100 करोड़ रूपये से भी अधिक का होगा। सीआईपीएल द्वारा राज्य में स्थापित किए जाने वाले केंद्र तकनीकी सेवाओं की आपूर्ति, नवाचार एवं एआई आधारित सेवा के लिए कार्य करेगा। जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा सेंटर संचालन, साइबर सुरक्षा और इंटरप्राइज प्लेटफॉर्म जैसी उन्नत तकनीकों पर कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त एआई आधारित गवर्नेंस समाधान एवं आईटी की मदद से सरकार के विभिन्न विभागों में ऑटोमेटेड प्रोसेस आदि का विकास एवं क्रियान्वयन भी किया जाएगा। जिससे राज्य की डिजिटल इंफ्रास्ट्रेक्चर एवं सर्विस सेक्टर में डिलिवरी और अधिक सुदृढ़ होगी।
परियोजना के पहले साल में 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। जिसे आगामी पांच वर्षों में बढ़ाकर 2,000 से अधिक आईटी पेशेवरों तक ले जाने का लक्ष्य कंपनी द्वारा निर्धारित किया गया है। इस परियोजना से राज्य में रोजगार सृजन एवं कौशल विकास को उल्लेखनीय बढ़ावा मिलेगा। वर्ष 2007 में स्थापित कॉर्पोरेट इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड को देशभर में सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर डिजिटल परियोजनाओं के क्रियान्वयन का व्यापक अनुभव है तथा कंपनी बिहार में भी कई महत्वपूर्ण तकनीकी परियोजनाओं जैसे, डाटा सेंटर, नागरिक आधारित सेवा (बिहार वन) एवं अन्य परियोजनाओं से जुड़ी हुई है। सीआईपीएल द्वारा बिहार की राजधानी पटना में कोर डेवलपमेंट सेंटर एवं एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना बिहार आईटी नीति के उद्देश्यों के मुताबिक बिहार सरकार की तकनीक आधारित शासन, निवेश प्रोत्साहन, आईटी एवं डिजिटल क्षेत्र में राज्य के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।