पटना में चोरों का दुस्साहस: सरेशाम कारोबारी की कार से 6.39 लाख कैश और लैपटॉप उड़ाया, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
शातिर चोरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। बुधवार शाम लगभग साढ़े 7 बजे, चोरों ने एक बैटरी कारोबारी की कार का गेट खोलकर उसमें रखे बैग पर हाथ साफ कर दिया। बैग में 6 लाख 39 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप और कई महत्वपूर्ण दस्
Patna - राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में शातिर चोरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। बुधवार शाम लगभग साढ़े 7 बजे, चोरों ने एक बैटरी कारोबारी की कार का गेट खोलकर उसमें रखे बैग पर हाथ साफ कर दिया। बैग में 6 लाख 39 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। घटना के समय कारोबारी अपनी दुकान से निकल ही रहे थे कि तभी घात लगाए चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
साजिश के तहत की गई चोरी
पीड़ित बैटरी कारोबारी ओम प्रकाश के अनुसार, उन्होंने अपने स्टाफ विशाल कुमार को गाड़ी में दो बैग रखने को कहा था। स्टाफ ने जैसे ही बैग गाड़ी में रखे और किनारे हटा, पहले से रेकी कर रहे चोरों ने मौका पाकर कार का गेट खोला और पलक झपकते ही काले रंग का बैग लेकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि 4 से 5 की संख्या में संदिग्ध कार के आसपास मंडरा रहे थे और उनमें से एक बैग लेकर तेजी से निकलता नजर आ रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने कंकड़बाग थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने घटनास्थल के पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। कंकड़बाग पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द ही गिरोह को दबोच लिया जाएगा।
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में काफी रोष और दहशत है। लोगों का कहना है कि पॉश इलाका होने के बावजूद कंकड़बाग में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शाम के समय गश्ती बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।
रिपोर्ट - अनिल कुमार