रिटायरमेंट के बाद पूर्व डीजीपी आलोक राज को मिली नई जिम्मेदारी, नीतीश सरकार ने इतने साल के लिए बनाया बीएसएससी का अध्यक्ष

बिहार सरकार ने वरिष्ठ IPS अधिकारी आलोक राज को बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी

Patna - बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी करते हुए भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी आलोक राज को बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC), पटना का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वर्तमान में आलोक राज बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ  ही उनके पास बीएसएससी के अध्यक्ष का भी प्रभार था। जिसे अब स्थायी कर दिया गया है।

रिटायरमेंट के बाद संभालेंगे नई जिम्मेदारी

अधिसूचना के अनुसार, आलोक राज की यह नियुक्ति उनकी सेवानिवृत्ति के उपरांत 01 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी। उन्हें बिहार कर्मचारी चयन आयोग अधिनियम, 2002 की धारा-3 के तहत इस पद पर नियुक्त किया गया है। 

5 वर्ष या 65 वर्ष की आयु तक का होगा कार्यकाल

आलोक राज का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले पाँच वर्षों के लिए या 65 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक, जो भी पहले हो, के लिए प्रभावी रहेगा। यह आदेश बिहार राज्यपाल के निर्देश पर जारी किया गया है।