युवाओं के लिए खुशखबरी: बिहार में 1.17 लाख से अधिक पदों पर निकलने वाली है बंपर वैकेंसी, जानिए किस विभाग में कितनी वैकेंसी

बिहार सरकार अगले तीन महीनों में 1.17 लाख से अधिक पदों पर बंपर भर्ती करने जा रही है। इसमें शिक्षक (TRE-4), स्वास्थ्य, पुलिस, असिस्टेंट प्रोफेसर और लाइब्रेरियन के पद शामिल हैं। जानिए विस्तृत विवरण।

बिहार में 1.17 लाख से अधिक पदों पर निकलने वाली है बंपर वैकेंसी- फोटो : news 4 nation AI

बिहार के युवाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने अगले तीन महीनों के भीतर विभिन्न विभागों में 1,17,308 से अधिक पदों पर बहाली की पूरी तैयारी कर ली है। इस मेगा भर्ती अभियान के तहत दरोगा, सिपाही, स्कूल शिक्षक से लेकर आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका तक के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।


शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सर्वाधिक अवसर

इस भर्ती अभियान में सबसे बड़ा योगदान शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग का रहेगा। प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक में बड़े पैमाने पर पद भरे जाएंगे। अकेले टीआरई-4 के तहत 33,385 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी, जबकि स्वास्थ्य विभाग में लगभग 32,700 विभिन्न स्तरों के पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी में सेविका और सहायिका के करीब 22,891 पदों पर प्रक्रिया आगे बढ़ाने की योजना है।


असिस्टेंट प्रोफेसर के 9,532 पदों पर नियुक्ति की तैयारी

राज्य के विश्वविद्यालयों में स्थायी असिस्टेंट प्रोफेसर की बाट जोह रहे नेट और पीएचडी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए बड़ी भर्ती आ रही है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग और शिक्षा विभाग ने करीब 9,532 पदों पर नियुक्ति का प्रारूप तैयार किया है। इसमें पारंपरिक विश्वविद्यालयों के साथ-साथ हाल ही में स्थापित 211 नए डिग्री कॉलेजों के 2,532 पद भी शामिल हैं। फिलहाल रोस्टर क्लीयरेंस के आधार पर रिक्तियों का अंतिम ब्योरा जुटाया जा रहा है।


लाइब्रेरियन के 5,800 पदों के लिए पात्रता परीक्षा

 पुस्तकालयाध्यक्षों की कमी दूर करने के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से विद्यालय लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से लगभग 5,800 लाइब्रेरियन पदों पर बहाली का रास्ता साफ होगा। इस पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 से 21 अक्टूबर तक चलेगी, जबकि परीक्षा 19 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच आयोजित होना प्रस्तावित है।


पुलिस, ऊर्जा और कृषि विभाग में भी निकलेंगी भर्तियां

अन्य प्रमुख विभागों में भी रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। पुलिस विभाग में दरोगा, सिपाही और चालक सिपाही के पदों पर बहाली की तैयारी है। वहीं, ऊर्जा विभाग में तकनीकी व गैर-तकनीकी श्रेणी के लगभग 7,500 पद तथा कृषि विभाग में विभिन्न श्रेणियों के करीब 5,500 पदों पर जल्द ही आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।