Bihar News : गया में कार पर लोड विदेशी शराब की बड़ी खेप पुलिस ने किया बरामद, मौके से जहानाबाद के दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : गयाजी पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : गया में कार पर लोड विदेशी शराब की बड़ी खेप पुलिस
शराब बरामद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ गया पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बहेड़ा थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में संलिप्त दो तस्करों को भी रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बहेड़ा थाना पुलिस द्वारा धीरजापुल स्थित अस्थायी जांच चौकी (चेकपोस्ट) के पास नियमित वाहन चेकिंग चलाई जा रही थी। इसी दौरान एक संदेहास्पद हुंडई ऑरा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-02PC-2904) को रोककर तलाशी ली गई। कार की गहन जांच करने पर उसमें से 96 बोतलों में बंद कुल 72 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई, जिसे तस्करी के मकसद से ले जाया जा रहा था।

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जहानाबाद जिले के मकदूमपुर थाना क्षेत्र के जुगपुरा निवासी सन्नी राज (23 वर्ष) और माछिल गांव निवासी आदर्श कुमार (19 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के इस नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। आरोपी शराब की यह खेप कहाँ से लाए थे और गया में किसे डिलीवरी दी जानी थी, इसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की पड़ताल की जा रही है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपियों के विरुद्ध अदालत में आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा।

मनोज की रिपोर्ट