Bihar Officers Suspended: 15 अधिकारी सस्पेंड, सम्राट चौधरी का बड़ा एक्शन,बिहार में लापरवाह अफसरों की अब खैर नहीं, पढ़िए लिस्ट
Bihar Officers Suspended: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सहयोग शिविर में मिले आवेदनों और शिकायतों का समय पर निपटारा नहीं करने के आरोप में एक साथ 15 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।...
Bihar Officers Suspended:बिहार में सरकारी दफ्तरों में बैठकर जनता की शिकायतों को फाइलों में दबाने और कामकाज में हीलाहवाली करने वाले अधिकारियों पर सरकार ने सख्त शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आम लोगों की फरियाद को नजरअंदाज करना और तय समय पर शिकायतों का निपटारा नहीं करना अब अधिकारियों को भारी पड़ रहा है। सहयोग शिविर में आए मामलों में लापरवाही और देरी के आरोप में एक साथ 15 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है।
दरअसल, बिहार सरकार ने आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के मकसद से सहयोग शिविर और सहयोग पोर्टल की व्यवस्था शुरू की है। इस पहल का मकसद सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर लोगों को राहत देना और उनकी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित करना है।
सरकार की ओर से सहयोग पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और आवेदनों की सुनवाई के लिए बाकायदा समय-सीमा निर्धारित की गई है। संबंधित अधिकारियों को तय वक्त के भीतर आवेदन पर सुनवाई पूरी कर उसका समाधान करना होता है। लेकिन आरोप है कि कई अधिकारियों ने इस जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं लिया और शिकायतों को लंबे समय तक लंबित रखा।इसी लापरवाही को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए 15 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। सरकार की इस कार्रवाई को सरकारी कामकाज में जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
सहयोग शिविर के जरिए आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे प्रशासन के सामने रख सकेंगे। वहीं, सहयोग पोर्टल के माध्यम से इन आवेदनों की निगरानी की जाएगी, ताकि कोई मामला बेवजह फाइलों में दबा न रह जाए।सरकार का संदेश साफ है कि सरकारी पद पर बैठकर जनता की परेशानी को नजरअंदाज करना अब आसान नहीं होगा। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी और आम लोगों की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई करनी होगी।
ब्यूरो रिपोर्ट