राघोपुर के बाढ़ राहत शिविर में पहुंचे निशांत, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने राहत शिविर में मौजूद चिकित्सा दल से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, उपलब्ध दवाओं और इलाज से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली।

Nishant in Raghopur- फोटो : news4nation

बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने गुरुवार को वैशाली जिले के राघोपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई तैयारियों की समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने राहत शिविर में मौजूद चिकित्सा दल से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, उपलब्ध दवाओं और इलाज से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत शिविर में रह रहे लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

निशांत ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों तक राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाने का काम लगातार जारी है।

उन्होंने अपने पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस कथन का भी उल्लेख किया, जिसमें वे कहते रहे हैं कि सरकारी खजाने पर सबसे पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसी सोच के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को राहत शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी करने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।