स्वास्थ्य मंत्री निशांत का बड़ा एक्शन! अब जिला अस्पतालों में मिलेगी ये सुविधाएं, लगाए गए 1947 उपकरण

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत की पहल पर राज्य के जिला अस्पतालों में ऑपरेशन थिएटरों की जरूरतों का आकलन करने के बाद कुल 1,947 उपकरण इकाइयों की आवश्यकता चिह्नित की गई थी।

Medical Equipment to District Hospitals- फोटो : news4nation

Bihar News : किसी भी मरीज को इलाज के लिए अपने जिले से दूर न जाना पड़े और उसे समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके, इसी उद्देश्य से बिहार सरकार जिला अस्पतालों को लगातार सुदृढ़ कर रही है। अस्पतालों में सर्जरी की सुविधाओं का विस्तार, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दिशा में अब तक लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से जिला अस्पतालों में 1,947 उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। जिनमें से अब तक 950 से अधिक उपकरण अधिष्ठापित किए जा चुके हैं तथा शेष सभी उपकरण जल्द ही लगा दिए जाएंगे।


बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत की पहल पर राज्य के जिला अस्पतालों में ऑपरेशन थिएटरों की जरूरतों का आकलन करने के बाद कुल 1,947 उपकरण इकाइयों की आवश्यकता चिह्नित की गई थी। इन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) को अधियाचना भेजी थी, जिसे अब जिला अस्पतालों में स्थपित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अस्पतालों को इस तरह सक्षम बनाना है कि मरीजों को जरूरी सर्जरी के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता कम हो।


चिह्नित उपकरणों में सामान्य सर्जरी ऑपरेशन थिएटर के लिए 529, ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थिएटर के लिए 772, प्रसूति ऑपरेशन थिएटर के लिए 502 तथा प्रसव कक्ष (लेबर रूम) के लिए 144 इकाइयाँ शामिल हैं। इस प्रकार कुल 50 प्रकार के उपकरणों की 1,947 इकाइयों की आवश्यकता निर्धारित की गई, जिसे जिला अस्पतालों में स्थापित किया जा रहा है।


जिला अस्पतालों में 24×7 आपातकालीन सेवा

जिला अस्पतालों में वर्तमान में 190 ICU बेड और 120 वेंटिलेटर बेड कार्यरत हैं। सभी जिला अस्पतालों में 24×7 आपातकालीन सेवाओं के साथ मरीजों की प्राथमिकता के आधार पर जांच एवं उपचार के लिए ट्रायज की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त, जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और 76 प्रकार की सर्जरी सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार काम किया जा रहा है।


रेफर ना हों मरीज : निशांत

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि हमारा प्रयास है कि बिहार के लोगों को इलाज के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े। जिला अस्पतालों में बेहतर उपकरण, सक्षम चिकित्सकीय टीम और जरूरी सर्जरी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, तो मरीजों को अपने ही जिले में उपचार मिल सकेगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली परेशानी तथा अतिरिक्त खर्च को कम करने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि हर व्यक्ति को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हो।


उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों को सुदृढ़ करने की यह पहल मरीजों को उनके नजदीक बेहतर इलाज उपलब्ध कराने, सर्जरी सेवाओं की क्षमता बढ़ाने और अनावश्यक रेफरल कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।