Higher Education Minister Sanjay Singh Tiger Meeting: अभ्यर्थियों के अनशन का 9वां दिन, उम्र सीमा वृद्धि पर मिली सकारात्मक संकेत

उम्र सीमा में वृद्धि समेत 6 सूत्री मांगों को लेकर जारी अनशन के बीच JDU MLC की मौजूदगी में 6 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह 'टाइगर' से 1 घंटे तक गंभीर वार्ता की। मंत्री ने कैबिनेट बैठक के बाद CM से बातचीत का आश्वासन दिया है।

उम्र सीमा में छूट सहित कुल 6 प्रमुख मांगों को लेकर अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन अनशन 9वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान सरकार के घटक दल जदयू के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले एमएलसी डॉ. संजीव कुमार सिंह और डॉ. बीरेंद्र नारायण यादव धरनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने अभ्यर्थियों की सभी मांगों का पुरजोर समर्थन करते हुए बताया कि वे इस विषय पर मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री से पहले ही चर्चा कर चुके हैं।


शिक्षा मंत्री संजय सिंह 'टाइगर' के साथ एक घंटे तक हुई तीखी वार्ता

एमएलसी द्वय के पहल पर 6 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह 'टाइगर' से मिलने का समय मिला। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. बिनय कुमार उपाध्याय, श्री अजय यादव, डॉ. आसिफ अली, डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. उमेश कुमार और डॉ. मोनू कुमार शामिल रहे। अभ्यर्थियों के इस शिष्टमंडल ने मंत्री के समक्ष लगभग एक घंटे तक बेहद गंभीर, तथ्यपूर्ण और तर्कपूर्ण तरीके से अपनी मांगों व समस्याओं को रखा।


कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री के सामने बात रखने का आश्वासन

वार्ता के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे आगामी कैबिनेट बैठक के बाद स्वयं मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और अभ्यर्थियों की पूरी स्थिति व मांगों से उन्हें अवगत कराएंगे। इसके साथ ही, उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भी सलाह दी कि वे खुद भी मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात सीधे उनके समक्ष प्रस्तुत करें।


सरकार के साथ खुला संवाद का रास्ता, उम्मीद की किरण

9 दिनों से जारी इस संघर्ष के बीच जनप्रतिनिधियों के समर्थन और उच्च स्तर पर शिक्षा मंत्री से हुई वार्ता से सरकार के साथ संवाद का रास्ता साफ हो गया है। अभ्यर्थियों का मानना है कि उनकी मांगें अब शासन के उच्चतम स्तर तक गंभीरता से पहुँच चुकी हैं। यद्यपि अंतिम निर्णय सरकार के पाले में है, लेकिन प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक निर्णय की पूरी उम्मीद है।


संघर्ष जारी रखने का संकल्प और 16 अगस्त को लोकभवन घेराव की तैयारी

संवाद की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद अभ्यर्थियों ने अपना लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। अनशन के 9वें दिन भी अभ्यर्थियों का मनोबल मजबूत दिखा। अपनी न्यायसंगत मांगों की पूर्ति के लिए अभ्यर्थियों ने आगे की रणनीति भी तय कर ली है और इसके तहत आगामी 16 अगस्त को 'लोकभवन' का घेराव करने की बड़े पैमाने पर तैयारी की जा रही है।