Hero Asia Cup 2025: हॉकी के रंग में रंगा बिहार, राजगीर में पहली बार होगा हीरो एशिया कप 2025, जानिए कैसी चल रही तैयारी.....
Hero Asia Cup 2025: बिहार के लिए हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन गर्व का क्षण है, जो राज्य को खेल, संस्कृति और पर्यटन के नए वैश्विक आयाम देगा।
Hero Asia Cup 2025: बिहार पहली बार एक बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है। 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर के अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में हीरो एशिया कप 2025 आयोजित होगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का यह 12वां संस्करण है, जिसमें भारत, चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया, कजाखिस्तान, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें हिस्सा लेंगी।
बैठक में मौजूद रहे भारतीय हॉकी टीम के कैप्टन
सोमवार को पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्द्र, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह सीईओ रवीन्द्रण शंकरण, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मुख्य कोच क्रेग फुल्टन मौजूद रहे।
बिहार के लिए ऐतिहासिक क्षण
प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि यह आयोजन बिहार के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। दक्षिण कोरिया पांच खिताब जीतकर एशिया कप के इतिहास की सबसे सफल टीम है, जबकि भारत और पाकिस्तान ने तीन-तीन बार चैंपियनशिप अपने नाम की है।
नि:शुल्क प्रवेश, ऑनलाइन टिकट अनिवार्य
दर्शकों के लिए टूर्नामेंट में नि:शुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है। हालांकि, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को देखते हुए टिकटजिनी ऐप के माध्यम से टिकट बुक करना अनिवार्य होगा। इसकी बुकिंग 26 अगस्त से शुरू होगी।
विशेष कार्यक्रमों से बढ़ेगा रोमांच
29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस पर टूर्नामेंट का शुभारंभ होगा। 30 अगस्त को ‘हॉकी विद हरमनप्रीत’ कार्यक्रम में आसपास के गांवों के बच्चे भारतीय कप्तान संग हॉकी खेलेंगे।
संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम
31 अगस्त को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम होगा, जिसमें खिलाड़ी और स्थानीय बच्चे 5 किमी साइकिल यात्रा कर स्वास्थ्य और पर्यावरण जागरूकता का संदेश देंगे।
ट्रॉफी गौरव यात्रा का समापन राजगीर में
17 अगस्त से शुरू हुई ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के 38 जिलों के साथ-साथ दिल्ली, ओडिशा, असम, झारखंड और चंडीगढ़ तक पहुंची। 29 अगस्त को राजगीर में इसका समापन होगा।
भारतीय कप्तान का उत्साह
टीम इंडिया के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा – “हम बिहार में खेलने के लिए बेहद उत्साहित हैं। राजगीर खेल परिसर की टर्फ विश्वस्तरीय है और यकीन है कि यहां से भविष्य के हॉकी चैंपियन तैयार होंगे। कड़ी प्रतिस्पर्धा जरूर होगी, लेकिन हम जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
बिहार की बढ़ेगी पहचान
सरकार ने खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। यह आयोजन न सिर्फ बिहार की खेल क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करेगा, बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति को भी वैश्विक पहचान दिलाएगा।