Bihar SP Bhanu Pratap Singh: खगड़िया SP भानु प्रताप सिंह का पारिवारिक विवाद अब भरतपुर पहुंचा, बेटी को लेकर पत्नी का आरोप
Bihar SP Bhanu Pratap Singh: बिहार के खगड़िया SP और 2020 बैच के IPS अधिकारी भानुप्रताप सिंह का पारिवारिक विवाद भरतपुर पहुंच गया है। पत्नी पूजा ने पति और ससुराल वालों पर बेटी को दूर करने का आरोप लगाया है।
Bihar SP Bhanu Pratap Singh: बिहार के खगड़िया में एसपी के पद पर तैनात 2020 बैच के IPS अधिकारी भानुप्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब राजस्थान के भरतपुर तक पहुंच गया है। पूजा ने भरतपुर के मथुरा गेट थाने में अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दी है।
पूजा का आरोप है कि उनके पति और ससुराल पक्ष उनकी छह साल की बेटी को उनसे अलग रखने की कोशिश कर रहे हैं। शिकायत के बाद वह देर रात तक थाने में मौजूद रहीं। पुलिस ने फिलहाल मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए कानूनी प्रक्रिया और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
बिहार से सीधे भरतपुर पहुंचीं पूजा
जानकारी के अनुसार, IPS भानुप्रताप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के रहने वाले हैं। उनका परिवार फिलहाल भरतपुर की गीता कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से भानुप्रताप अपनी बेटी के साथ भरतपुर में रह रहे थे। जब पूजा को इसकी जानकारी मिली तो वह बिहार से भरतपुर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह सबसे पहले गीता कॉलोनी स्थित ससुराल गईं। काफी देर तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पूजा अपनी ननद के विजय नगर स्थित घर भी पहुंचीं। उनका कहना है कि वहां भी उन्हें अंदर आने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद लेने का फैसला किया और मथुरा गेट थाने पहुंच गईं।
2015 में परिवार की इच्छा के खिलाफ की थी शादी
पूजा के अनुसार, उनकी मुलाकात भानुप्रताप सिंह से वर्ष 2015 में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों ने परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर शादी कर ली थी। शादी के बाद पूजा ने करीब पांच साल तक भरतपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर काम किया। इस दौरान उन्होंने परिवार को भी सहयोग दिया। वहीं, भानुप्रताप सिंह UPSC की तैयारी कर रहे थे। बाद में उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा में हुआ। पूजा का कहना है कि IPS में चयन के शुरुआती दौर में दोनों के बीच सबकुछ सामान्य था, लेकिन बाद में रिश्ते में तनाव बढ़ता गया। अब विवाद उनकी छह साल की बेटी की कस्टडी तक पहुंच गया है।
थाने में देर रात तक बैठी रहीं पूजा
शिकायत लेकर थाने पहुंचने के बाद पूजा काफी देर तक पुलिस से कार्रवाई की मांग करती रहीं। पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल मामले को पति-पत्नी के बीच का पारिवारिक विवाद बताया है। मथुरा गेट थाना पुलिस ने IPS अधिकारी भानुप्रताप सिंह से फोन पर बातचीत भी की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में कानूनी प्रावधानों और जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के आरोप और उनका पक्ष सामने आना बाकी है। बेटी की कस्टडी को लेकर चल रहा विवाद आगे किस दिशा में जाता है, यह पुलिस की जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।