Bihar News: दीपावली से पहले बिहार में बदलेगी तस्वीर! पंचायतों के छोटे विकास कार्य पूरे करने का सीएम सम्राट ने दिया अल्टीमेटम
Bihar News: लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कायाकल्प पोर्टल का भी लोकार्पण किया।
Bihar News: पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 18 सितंबर 2026 को सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का शुभारंभ किया। लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कायाकल्प पोर्टल का भी लोकार्पण किया। सरकार का मकसद सार्वजनिक सुविधाओं और परिसंपत्तियों को बेहतर एवं स्वच्छ बनाने के साथ-साथ जरूरत के मुताबिक नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना है।
मुख्यमंत्री ने अभियान के दो प्रमुख हिस्से बताए। पहला, पहले से मौजूद परिसंपत्तियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और मरम्मत, जिसे 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अपील की कि इन कार्यों को दीपावली से पहले ही पूरा करने का प्रयास करें। दूसरा हिस्सा नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों का निर्माण है, जिसे 31 मार्च 2027 तक पूरा किया जाना है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि अभियान का फोकस बड़े प्रोजेक्ट के बजाय छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा कर आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने पंचायत स्तर पर विद्यालयों की रंगाई-पुताई, आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों और छात्रावासों में लंबित जरूरी कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
कायाकल्प पोर्टल पर ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा, पंचायती राज, नगर विकास एवं आवास समेत संबंधित विभागों की योजनाओं की प्रगति, पूर्णता और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज रहेंगी। इसके साथ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे लंबित कार्यों की मॉनिटरिंग और उनकी प्रगति पर नजर रखना आसान होगा।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों और जिला प्रशासन को अभियान के उद्देश्यों के मुताबिक काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने मंत्रीगण से बेहतर मॉनिटरिंग करने और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कार्य समय पर पूरे होने से आम लोगों को सीधे राहत मिलेगी और वे बेहतर सुविधाओं से संतुष्ट होंगे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री नीतीश मिश्रा, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के० सेंथिल कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच०आर० श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, समाज कल्याण विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी० कार्तिकेय धनजी, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष परासर, जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी जुड़े थे।