Bihar Crime: चाकू मांगने के बहाने घर में घुसा युवक, किशोरी से करने लगा छेड़छाड़, धमकी से घबड़ाया परिवार

Bihar Crime:किशोरी के साथ घर में घुसकर छेड़खानी और बदसलूकी का मामला सामने आया है।..

Bihar Crime: चाकू मांगने के बहाने घर में घुसा युवक, किशोरी स
किशोरी से छेड़छाड़- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा के रजौली थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी के साथ घर में घुसकर छेड़खानी और बदसलूकी का मामला सामने आया है। किशोरी के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।

शिकायत के मुताबिक, किशोरी घर में अकेली खाना बना रही थी। इसी दौरान डोमचांच थाना क्षेत्र के चौधरीडीह गांव निवासी 26 वर्षीय शशि यादव उर्फ पकड़ी कथित तौर पर चाकू मांगने के बहाने घर में दाखिल हुआ। किशोरी ने चाकू नहीं होने की बात कही, जिसके बाद वह वहां से चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वह दोबारा घर में घुसा और किशोरी का हाथ पकड़कर उसे खींचने लगा।

किशोरी द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और अश्लील हरकत करने की कोशिश की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना की जानकारी किसी को देने पर किशोरी के पिता को गोली मारने की धमकी दी गई। साथ ही मुकदमा लड़ने के लिए 50 हजार रुपये अलग रखने की बात कहकर कथित तौर पर धमकाया गया।

किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और आरोपी को धक्का देकर घर से बाहर निकल गई। इसके बाद पड़ोस के एक युवक ने फोन कर उसके पिता को घटना की जानकारी दी। पिता के घर पहुंचने पर किशोरी ने पूरी घटना बताई। इसके बाद वह बेटी को लेकर रजौली थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- अमन कुमार