लाइब्रेरियन बहाली की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय का हुआ घेराव तो शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान, 18 साल बाद जगी उम्मीद
लाइब्रेरियन बहाली की बाट जोह रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा ऐलान किया है. यह सब भाजपा कार्यालय के बाहर हुए घेरावपूर्ण विरोध के बाद किया गया है
Bihar News : बिहार में पिछले 18 वर्षों से लंबित लाइब्रेरियन बहाली की मांग को लेकर बुधवार को अभ्यर्थियों और छात्र नेताओं ने पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के पहुंचने पर अभ्यर्थियों ने उनका घेराव किया और जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी भी हुई। बाद में शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शिक्षा मंत्री ने दिया जल्द बहाली का भरोसा
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि लाइब्रेरियन बहाली सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पूरे बिहार में रिक्त लाइब्रेरियन पदों का ब्योरा जुटाने और नई नियमावली तैयार कर सरकार को भेजने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि नई नियमावली के आधार पर न केवल लाइब्रेरियन की नई बहाली की जाएगी, बल्कि पहले से कार्यरत लाइब्रेरियन की ट्रांसफर-पोस्टिंग की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
'मुर्दाबाद नहीं, जिंदाबाद के लगे नारे'
प्रदर्शन को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि उनके खिलाफ मुर्दाबाद के नारे नहीं लगाए गए, बल्कि उनके समर्थकों ने जिंदाबाद के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि मंत्री बने उन्हें अभी करीब डेढ़ महीना ही हुआ है और विभाग की प्राथमिकताओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
छात्र नेताओं ने दिया एक महीने का अल्टीमेटम
छात्र नेता विकेश्वर ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने एक महीने के भीतर लाइब्रेरियन बहाली से संबंधित प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी दिलाकर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर अधिसूचना जारी नहीं की जाती है, तो 18 वर्षों से लंबित लाइब्रेरियन बहाली की मांग को लेकर पूरे बिहार में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। छात्र नेताओं ने कहा कि लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अब और इंतजार स्वीकार नहीं है।
वंदना की रिपोर्ट