Bihar LPG crisis: बिहार में रसोई गैस संकट के बीच बड़ा फैसला! न्यू LPG कनेक्शन समेत डबल सिलेंडर पर लगी अस्थायी रोक

Bihar LPG crisis: बिहार में रसोई गैस संकट के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने बड़ा फैसला लेते हुए नया LPG कनेक्शन और डबल सिलेंडर की सुविधा अस्थायी रूप से बंद कर दी है।

गैस संकट के बीच बड़ा फैसला!- फोटो : social media

Bihar LPG crisis: पटना समेत पूरे बिहार में चल रहे घरेलू रसोई गैस संकट के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने बड़ा फैसला लिया है। कंपनियों ने फिलहाल नया एलपीजी कनेक्शन देने और डबल सिलेंडर की सुविधा को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

अधिकारियों के अनुसार यह फैसला गैस की सीमित आपूर्ति को देखते हुए लिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि जो उपभोक्ता पहले से जुड़े हुए हैं उन्हें समय पर सिलेंडर मिल सके। फिलहाल गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे सबसे पहले मौजूदा उपभोक्ताओं की बुकिंग पूरी करें और उसी के आधार पर गैस की आपूर्ति करें।

पटना में रसोई गैस की मांग अचानक बढ़ गई

राजधानी पटना और राज्य के कई अन्य जिलों में हाल के दिनों में रसोई गैस की मांग अचानक बढ़ गई है। वहीं दूसरी तरफ आपूर्ति प्रभावित होने से कई जगहों पर संकट की स्थिति बन गई है। गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं और सीमित सिलेंडर होने के कारण कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग नया गैस कनेक्शन लेने या दूसरा सिलेंडर लेने के लिए भी एजेंसियों पर पहुंचने लगे थे। इससे पहले से जुड़े उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने में और ज्यादा परेशानी होने लगी। इस स्थिति को देखते हुए पेट्रोलियम कंपनियों ने फिलहाल नया कनेक्शन जारी करने और डबल सिलेंडर देने पर रोक लगाने का फैसला किया है।

गैस कंपनियों का बयान

कंपनियों का कहना है कि यह व्यवस्था स्थायी नहीं है। जैसे ही गैस की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी, नया कनेक्शन देने और डबल सिलेंडर की सुविधा फिर से शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल एजेंसियों को साफ निर्देश दिया गया है कि उपलब्ध गैस का वितरण केवल बुकिंग के आधार पर और पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि कालाबाजारी या किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।