Bihar News : बिहार में ₹2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों से औद्योगिक क्रांति की हुई नई शुरुआत, ऊर्जा और तकनीक क्षेत्रों में हुए बड़े समझौते

Bihar News :बिहार की औद्योगिक विकास यात्रा एक नए दौर में प्रवेश कर रही है, जहां राज्य में उद्योग एवं ऊर्जा क्षेत्र के लिए लगभग ₹2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं।

करोड़ों के निवेश प्रस्ताव - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार की औद्योगिक विकास यात्रा एक नए दौर में प्रवेश कर रही है। राज्य में उद्योग एवं ऊर्जा क्षेत्र के लिए लगभग ₹2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों का सामने आना इस बदलते परिदृश्य और निवेशकों के बढ़ते भरोसे का संकेत है। पटना में आयोजित ‘उद्यमियों से संवाद एवं एमओयू एक्सचेंज समारोह’ में विभिन्न कंपनियों और निवेशकों के साथ इन प्रस्तावों से संबंधित समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ। यह पहल बिहार को पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक, विनिर्माण और ऊर्जा के उभरते क्षेत्रों में भी नई पहचान दिलाने की क्षमता रखती है। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के दूरदर्शी नेतृत्व और माननीय उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार बिहार को निवेश के पसंदीदा गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उद्यमियों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने निवेशकों से बिहार पर विश्वास करने, यहां उद्योग स्थापित करने और राज्य की प्रगति में भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल वातावरण, पर्याप्त संसाधन, कुशल मानवबल और विशाल बाजार उपलब्ध है।

निवेशकों के साथ सक्रिय साझेदारी के माध्यम से निवेश व रोजगार का होगा विस्तार 

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में प्राप्त निवेश प्रस्ताव राज्य की औद्योगिक क्षमता और निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं। सरकार का प्रयास है कि इन प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए निवेशकों को आवश्यक सहयोग, बेहतर आधारभूत संरचना और अनुकूल नीतिगत वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना से लेकर उनके संचालन तक निवेशकों के साथ सक्रिय साझेदारी के माध्यम से राज्य में निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जाएगा। इस निवेश पहल की खासियत इसकी विविधता है। लॉजिस्टिक्स, IT/ITeS, फार्मास्यूटिकल्स, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं मैन्युफैक्चरिंग (ESDM), सामान्य विनिर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, खाद्य प्रसंस्करण और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं सामने आई हैं। CTRLS, Renvion (Ramky Group), FAII, SAEL Industries, Rashmi Metallurgical Industry, Rana Holding और Bugmania Semicon जैसी कंपनियों के प्रस्ताव बिहार के औद्योगिक इकोसिस्टम में नई क्षमताएं जोड़ सकते हैं। विशेष रूप से ESDM, सामान्य विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश राज्य के औद्योगिक आधार को व्यापक बनाने की क्षमता रखते हैं। वहीं IT/ITeS, फार्मा, EV और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में प्रस्ताव अर्थव्यवस्था को नई विविधता प्रदान करेंगे।

मजबूर ऊर्जा अवसरंचना बड़े उद्योगों के विस्तार के लिए आधार 

ऊर्जा क्षेत्र में भी निवेश के बड़े प्रस्ताव बिहार के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। लगभग ₹1,72,885 करोड़ के प्रस्तावों में 6,000 MW क्षमता की चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं और बांका एवं सीवान में प्रस्तावित दो परमाणु ऊर्जा संयंत्र शामिल हैं। Adani Hydro Energy, Torrent Energy Storage Solutions, Greenko Energies, NTPC और NPCIL जैसी कंपनियों के प्रस्ताव राज्य की ऊर्जा उत्पादन एवं भंडारण क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकते हैं। मजबूत ऊर्जा अवसंरचना आने वाले समय में बड़े उद्योगों के विस्तार के लिए भी आधार तैयार करेगी। बिहार की यह नई औद्योगिक गति बेहतर नीतिगत वातावरण, निवेश अनुकूल प्रक्रियाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार और सरकार की सक्रिय पहल का परिणाम है। राज्य में निवेशकों के लिए उपलब्ध अवसरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 भी एक महत्वपूर्ण मंच बनने जा रहा है।

₹2.25 लाख करोड़ के निवेश उद्योग जगत के विश्वास को दर्शाता 

₹2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव केवल एक आर्थिक आंकड़ा नहीं, बल्कि बिहार की औद्योगिक संभावनाओं और भविष्य के प्रति उद्योग जगत के विश्वास को दर्शाते हैं। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से रोजगार के नए अवसर, कौशल विकास, स्थानीय उद्यमिता और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है। बिहार अब अपनी संभावनाओं को निवेश, उद्योग और रोजगार में बदलने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।