Bihar Mining: 15 अक्टूबर से फिर शुरू होगा खनन, विभाग की बढ़ी कमाई
Bihar Mining: बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री ने कहा कि 15 अक्टूबर के बाद बिहार में एक बार फिर खनन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Bihar Mining: बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री प्रमोद कुमार ने प्रेस वार्ता में खनन को लेकर सरकार की तैयारियों और विभाग की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर के बाद बिहार में एक बार फिर खनन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सरकार की ओर से खनन व्यवस्था को दुरुस्त करने और राजस्व बढ़ाने पर खास तवज्जो दी जा रही है।
मंत्री प्रमोद कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में खान एवं भूतत्व विभाग ने 725 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया था। वहीं, 31 अगस्त 2026 तक विभाग को 984 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है। पिछले वर्ष की तुलना में इसमें 259.94 करोड़ रुपये यानी 35.85 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। मंत्री ने कहा कि राजस्व में हुई यह बढ़ोतरी इस बात का इशारा है कि विभाग का सिस्टम अब बेहतर तरीके से काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि नए स्थानों पर खनन पर्यावरणीय स्वीकृति मिलने के बाद ही शुरू किया जाएगा। सरकार पर्यावरणीय नियमों और निर्धारित मानकों का पालन करते हुए खनन की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।
मंत्री ने विभाग में पुलिस बल की कमी को दूर करने की दिशा में भी अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खनन विभाग में पुलिस की भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री से स्वीकृति मिल चुकी है और अब भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।सरकार की इस पहल से जहां खनन गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है, वहीं राजस्व संग्रह में और इजाफे के साथ अवैध खनन पर शिकंजा कसने की भी कवायद तेज होने के संकेत हैं।
रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह