Patna Crime: पटना में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, 12 अर्धनिर्मित हथियार समेत 4 गिरफ्तार
Patna Crime: पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है।
Patna Crime: बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। धर्मपुर गांव में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12 अर्धनिर्मित और एक निर्मित हथियार बरामद किया है। मौके से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और सामान भी जब्त किए गए हैं।पुलिस को सूचना मिली थी कि धर्मपुर गांव में सागर नामक व्यक्ति के घर पर हथियार बनाने से जुड़ा काम चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घर को निशाने पर लिया और छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को हथियार निर्माण का पूरा सेटअप मिला। इसके बाद मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लेथ मशीन, छेनी, हथौड़ी समेत हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान बरामद किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यहां कितने समय से हथियार निर्माण का काम चल रहा था और तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई कहां की जाती थी।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 90 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को हथियार निर्माण की सूचना मिली थी। इसके बाद धर्मपुर गांव में छापेमारी की गई, जहां मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन हुआ। उन्होंने बताया कि हथियार बनाने वाले गिरफ्तार आरोपियों के मुंगेर जिले के रहने वाले होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार निर्माण के पीछे कौन लोग हैं, हथियारों की सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी और इस नेटवर्क से कितने लोग जुड़े हुए हैं।
एक साथ बड़ी संख्या में अर्धनिर्मित हथियार और हथियार निर्माण के उपकरण बरामद होने के बाद पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- रविशंकर