Bihar Minister House Theft: उच्च शिक्षा मंत्री के घर से चोरों ने 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख नकद उड़ाया, SIT का गठन

टना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित एजी कॉलोनी में बिहार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय टाइगर के निजी आवास पर बड़ी चोरी हुई है। चोरों ने 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख नकद उड़ा लिए। पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी है।

पटना में उच्च शिक्षा मंत्री संजय टाइगर के आवास पर बड़ी चोरी,SIT का गठन- फोटो : Reporter

पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एजी कॉलोनी स्थित बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय टाइगर के निजी आवास पर एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने इस सनसनीखेज वारदात को 14 और 15 की देर रात्रि के दौरान अंजाम दिया। चोरों ने मंत्री के घर से लगभग 600 ग्राम सोना, 2 किलोग्राम चांदी और 7 लाख रुपये नकद चुरा लिए। इस हाई-प्रोफाइल चोरी की खबर सामने आते ही प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।


फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की जांच: साक्ष्यों को तलाशने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल की बारीकी से जांच करने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। विशेषज्ञों की टीम ने घर के चप्पे-चप्पे से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।


पुलिस गश्त पर उठे सवाल: घटना से ठीक पहले गुजरी थी पेट्रोलिंग टीम

इस पूरी घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिस समय चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया जा रहा था, उससे ठीक पहले इलाके की गश्ती टीम वहां से गुजरी थी। हालांकि, पेट्रोलिंग टीम को इस बड़ी घटना की भनक तक नहीं लगी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गश्ती दल की मौजूदगी के बावजूद चोर इतनी बड़ी वारदात को कैसे अंजाम देकर फरार हो गए।


सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी स्पेशल टीम: खुलासे के लिए गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के कड़े निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालने में जुटी है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पटना से अनिल की रिपोर्ट