Bihar News : मुंगेर में छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा, अर्घ्य देने गई 15 वर्षीय किशोरी की गंगा में डूबने से हुई मौत

Bihar News : मुंगेर में भगवान भास्कर को अर्घ्य देने गई 15 वर्षीय बालिका की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद खुशी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया.....पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा, अर्घ्य
किशोरी की डूबने से मौत - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : लोक आस्था के महापर्व छठ के अंतिम दिन सोमवार की सुबह मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र स्थित रहिया गंगा घाट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देने गई 15 वर्षीय किशोरी की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच हड़कंप मच गया और पर्व की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

मृतका की पहचान खगड़िया जिले के भौरकाठ निवासी कुंदन कुमार और अमृता कुमारी की 15 वर्षीय पुत्री कुसुम कुमारी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, कुसुम छठ महापर्व मनाने के लिए विजयनगर स्थित अपने मामा अंजनी कुमार के घर आई हुई थी। 

सोमवार सुबह वह परिजनों के साथ रहिया गंगा घाट पर सूर्य देव को अर्घ्य देने गई थी। इसी क्रम में स्नान या अर्घ्य के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चली गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते और उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक वह गहरे पानी में समा चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में किशोरी के शव की तलाश शुरू कर दी। इस दुखद हादसे के बाद मृतका के माता-पिता और मामा के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महापर्व छठ का उल्लास इस परिवार के लिए जीवन भर न भूलने वाले गहरे सदमे में तब्दील हो गया है।