उपेंद्र कुशवाहा का फैसला नहीं मानेंगे! RLM में बगावत करने वाले तीनों विधायक करेंगे NDA उम्मीदवार का विरोध

RLM के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव और विधायक माधव आनंद ने अपने रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को अपनी बात साफ तौर पर बता दी है। उन्होंने कहा, “मैं मदहोश हूं, मदहोश रहूंगा

RLM Rebels Against Upendra Kushwaha- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) में अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के फैसले से अलग रुख अपनाते हुए RLM के तीन विधायक सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी से जुड़े नेता रामपुकार सिन्हा के समर्थन में उतर गए हैं। तीनों विधायकों ने सोमवार को सारण पहुंचकर रामपुकार सिन्हा के नामांकन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। खास बात यह है कि इस सीट पर NDA की ओर से JDU के आनंद पुष्कर उम्मीदवार हैं।


मंगलवार को RLM के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव और विधायक माधव आनंद ने अपने रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को अपनी बात साफ तौर पर बता दी है। उन्होंने कहा, “मैं मदहोश हूं, मदहोश रहूंगा और आगे भी कार्यकर्ताओं के लिए मदहोश रहूंगा। कार्यकर्ताओं के लिए जितनी बार मदहोश होना पड़े, मैं तैयार हूं।”


माधव आनंद ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिल रहा था और कार्यकर्ता लगातार इस मुद्दे को उनके सामने उठा रहे थे। इसी वजह से तीनों विधायकों ने रामपुकार सिन्हा के समर्थन में जाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि तीनों विधायक छपरा में रामपुकार सिन्हा के समर्थन में लगातार चुनाव प्रचार करेंगे। माधव आनंद ने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन को लेकर उनका रुख बदला नहीं है, लेकिन पार्टी और कार्यकर्ताओं को बचाना भी जरूरी है।


उन्होंने कहा, “पार्टी बचेगी तब गठबंधन होगा। पार्टी नहीं बचेगी, कार्यकर्ता नहीं बचेगा तो गठबंधन किससे करेंगे?” उन्होंने दोहराया कि तीनों विधायक रामपुकार सिन्हा का सीधे तौर पर समर्थन करेंगे और उन्हें चुनाव जिताने के लिए काम करेंगे।


उपेन्द्र से बागी हुए रामपुकार 

रामपुकार सिन्हा RLM से जुड़े नेता हैं और उन्होंने 5 अक्टूबर को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय तौर पर नामांकन दाखिल करने की घोषणा की थी। इससे पहले RLM की ओर से भी इस सीट पर दावेदारी सामने आई थी। हालांकि, NDA की संयुक्त रणनीति में अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में BJP और JDU के उम्मीदवारों को समर्थन देने की बात सामने आई थी।


इसके बावजूद सोमवार को रामपुकार सिन्हा के नामांकन कार्यक्रम में RLM के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक आलोक सिंह, बाजपट्टी विधायक रामेश्वर महतो और मधुबनी विधायक माधव आनंद पहुंचे। तीनों के रामपुकार सिन्हा के समर्थन में उतरने से पार्टी के भीतर मतभेद की स्थिति सामने आ गई है।


सारण शिक्षक क्षेत्र में दिलचस्प मुकाबला 

इस घटनाक्रम के बाद सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का मुकाबला NDA के भीतर भी दिलचस्प हो गया है। एक ओर JDU के आनंद पुष्कर NDA उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं, वहीं RLM के तीन विधायक RLM से जुड़े रामपुकार सिन्हा के समर्थन में खुलकर उतर आए हैं। इससे RLM और NDA के बीच सीट को लेकर राजनीतिक समीकरण पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

नरोत्तम की रिपोर्ट