Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए वोटिंग, दांव पर 150 उम्मीदवारों की किस्मत, सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान

Bihar MLC Election: बिहार की सियासत में आज आठ विधान परिषद सीटों पर होने वाला मतदान सियासी ताकत, राजनीतिक रसूख और वर्चस्व की निर्णायक जंग बन गया है। ...

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए वोटिंग- फोटो : X

Bihar MLC Election: बिहार की सियासत में आज आठ विधान परिषद सीटों पर होने वाला मतदान सियासी ताकत, राजनीतिक रसूख और वर्चस्व की निर्णायक जंग बन गया है। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 150 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में बंद होगी। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा का कड़ा पहरा लगाया है। वहीं, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद ने मुकाबले को खासा दिलचस्प बना दिया है।

आठ सीटें, 150 उम्मीदवार और सियासी प्रतिष्ठा की परीक्षा

विधान परिषद की इन आठ सीटों में दरभंगा, कोसी, पटना और तिरहुत की चार स्नातक सीटें शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा की सीटों पर मुकाबला हो रहा है। तमाम प्रत्याशी अपनी सियासी जमीन मजबूत करने और विधान परिषद तक पहुंचने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं।

मतदान के लिए संबंधित जिलों में प्रखंड स्तर पर कुल 933 बूथ बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के 598 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के 335 मतदान केंद्र शामिल हैं। गुरुवार शाम को मतदान दलों को निर्धारित बूथों के लिए रवाना कर दिया गया। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई है। चुनावी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में प्रेक्षकों की तैनाती भी की गई है।

स्नातक सीटों पर उम्मीदवारों की लंबी कतार

चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 90 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। दरभंगा में सर्वाधिक 40 उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं। पटना में 18, तिरहुत में 17 और कोसी में 15 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना और सारण से 18-18 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। तिरहुत में 11 और दरभंगा शिक्षक सीट पर 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।

5.32 लाख मतदाता करेंगे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

आठों सीटों पर कुल 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 4,92,594 मतदाता हैं, जिनमें 3,55,522 पुरुष, 1,37,038 महिलाएं और 34 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।कोसी स्नातक सीट पर 1,34,072, तिरहुत में 1,43,988, दरभंगा में 1,26,951 और पटना में 87,583 मतदाता हैं।

वहीं, चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 40,253 मतदाता उम्मीदवारों की जीत-हार तय करेंगे। इनमें 30,677 पुरुष, 9,573 महिलाएं और तीन थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। पटना शिक्षक सीट पर 11,719, सारण में 10,748, दरभंगा में 9,026 और तिरहुत में 8,760 मतदाता हैं।

27 अक्टूबर को खुलेगा सियासी किस्मत का पिटारा

मतदान संपन्न होने के बाद सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी रहेंगी। 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी और उसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। इन नतीजों से न केवल प्रत्याशियों की राजनीतिक हैसियत का पता चलेगा, बल्कि बिहार की सियासत में उनके प्रभाव और जनसमर्थन का भी आकलन होगा। अब देखना यह है कि मतदाता किसे विधान परिषद की दहलीज तक पहुंचाते हैं और किसकी सियासी उम्मीदों पर पानी फिरता है।

हीरेश कुमार