MLC चुनाव में सियासी संग्राम तेज, नीरज कुमार समेत 8 सीटों पर आज कई दिग्गज भरेंगे पर्चा
Bihar MLC Polls: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। ...
Bihar MLC Polls: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले चुनाव के लिए आद यानी सोमवार, 5 अक्टूबर को कई प्रमुख प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे। सबसे ज्यादा निगाहें पटना स्नातक सीट पर टिकी हैं, जहां NDA समर्थित जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के सामने पार्टी के ही मोकामा विधायक अनंत सिंह ने खुला मोर्चा खोल रखा है। अनंत सिंह लगातार जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।
नीरज कुमार आज यानी सोमवार को पटना आयुक्त कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक वह सुबह 10:15 बजे ऑफिसर्स फ्लैट, राजवंशीनगर से समर्थकों के साथ निकलेंगे। उनका काफिला पंचरूपी मंदिर, पटना हाईकोर्ट, इनकम टैक्स गोलंबर, तारामंडल, मौर्यालोक और सिटी सेंटर-पुलिस लाइन होते हुए अखंड वासनी मंदिर पहुंचेगा। करीब 11:55 बजे वह मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और दोपहर 12:30 बजे पटना आयुक्त कार्यालय में नामांकन दाखिल करेंगे। इसके बाद छज्जू बाग स्थित दादी जी सती मंदिर जाकर समर्थकों और शुभचिंतकों से मुलाकात करेंगे।
नीरज कुमार के नामांकन के बीच सबसे बड़ा सियासी पेच अनंत सिंह का विरोध है। अनंत सिंह 1 अक्टूबर को जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के नामांकन में शामिल हुए थे और उनके समर्थन में रोड शो भी किया था। इसके बाद उन्होंने नवादा और नालंदा में भी अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार किया।अनंत सिंह का कहना है कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मानते हैं और उनके लिए काफी कुछ किया है, लेकिन नीरज कुमार के साथ उनका पुराना विवाद है। उनका आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज ने उनके खिलाफ काम किया था। अनंत ने यहां तक कहा कि पार्टी में नीति और नियम हैं तो वे सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए। उनका बयान“पार्टी रहे या ना रहे, मैं किसी का कर्मचारी नहीं हूं” सियासी गलियारों में खासा चर्चा में है।
हालांकि जदयू नेतृत्व ने नीरज के पक्ष में अपना रुख साफ कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार ने उन्हें अधिकृत प्रत्याशी का चुनावी प्रपत्र सौंपा और मजबूती से चुनाव लड़ने का संदेश दिया। वहीं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी कार्यकर्ताओं से नीरज कुमार को पूरी ताकत से जिताने की अपील की है।
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से NDA समर्थित जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा भी सोमवार को मुजफ्फरपुर में नामांकन दाखिल करेंगे। इसके बाद मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में ‘आशीर्वाद समागम’ आयोजित किया जाएगा। पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार उन्हें भी अधिकृत प्रत्याशी का प्रपत्र सौंप चुके हैं।
कोसी स्नातक सीट पर कांग्रेस के मनोज कुमार जायसवाल और जन सुराज के डॉ. रजनीश रंजन नामांकन करेंगे। इस सीट पर भाजपा के मौजूदा MLC डॉ. एनके यादव और RJD के नितेश कुमार यादव पहले ही पर्चा दाखिल कर चुके हैं।
कांग्रेस ने पांच सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है। पटना स्नातक से डॉ. असदुल्लाह खान, पटना शिक्षक से संजय यादव, दरभंगा स्नातक से रजनीकांत पाठक और दरभंगा शिक्षक से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा मैदान में हैं। कांग्रेस के प्रत्याशियों के 5 अक्टूबर को नामांकन करने की जानकारी है।
दरभंगा शिक्षक सीट पर RJD ने कुमर राय को भी उतार दिया है। यहां कांग्रेस के मदन मोहन झा और CPI के रामदेव राय पहले से मैदान में हैं। वहीं दरभंगा स्नातक सीट पर कांग्रेस के रजनीकांत पाठक के सामने RJD के अनिल कुमार झा हैं।
सारण शिक्षक सीट पर RLM नेता राम पुकार सिन्हा भी नामांकन कर सकते हैं, हालांकि उन्हें NDA का आधिकारिक प्रत्याशी नहीं माना जा रहा है। NDA ने इस सीट पर जदयू के आनंद पुष्कर को उम्मीदवार बनाया है। RJD के प्रो. जयराम यादव और जन सुराज के अफाक अहमद भी मैदान में हैं।
पटना स्नातक में असदुल्लाह खान का मुकाबला जदयू के नीरज कुमार, RJD के दिलीप कुमार और जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह से है। अनुज सिंह को अनंत सिंह का समर्थन मिलने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। ऐसे में नामांकन के साथ ही उम्मीदवारों का सियासी शक्ति प्रदर्शन शुरू हो गया है। खासकर पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह के बीच मुकाबले में अनंत सिंह की भूमिका पर सभी की नजरें टिकी हैं।