Bihar News: बिहार के शहरों में अब 24 घंटे मिलेगा पानी, घरों तक पहुंचेगी स्मार्ट सप्लाई, पाइपलाइन में लगेंगे सेंसर
Bihar News: बिहार के शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए आने वाले दिनों में जलापूर्ति की तस्वीर बदल सकती है।
Bihar News: बिहार के शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए आने वाले दिनों में जलापूर्ति की तस्वीर बदल सकती है। सरकार शहरों में पानी की किल्लत खत्म करने और घरों तक 24 घंटे निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए पुरानी पाइपलाइनों को दुरुस्त करने से लेकर नई तकनीक से जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी तक का खाका तैयार किया जा रहा है। योजना जमीन पर उतरी तो लोगों को पानी के लिए घंटों इंतजार करने और मोटर चलाकर पानी भरने की मजबूरी से राहत मिल सकती है।
इस दिशा में नगर विकास एवं आवास विभाग ने शुरुआती कवायद तेज कर दी है। विभाग ने प्रस्तावित जलापूर्ति योजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने के लिए कंसल्टेंसी एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया शुरू की है। चयनित एजेंसियां अलग-अलग शहरी क्षेत्रों में जाकर मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था का सर्वेक्षण करेंगी। इसके बाद तकनीकी, आर्थिक और पर्यावरणीय पहलुओं का अध्ययन कर योजनाओं की व्यवहार्यता तय की जाएगी।
सरकार का जोर सिर्फ पानी की उपलब्धता बढ़ाने पर नहीं, बल्कि उसे घरों तक पर्याप्त दबाव के साथ पहुंचाने पर भी है। इसके लिए जलापूर्ति के स्रोत से लेकर मोहल्लों और घरों तक बिछी पाइपलाइनों की तकनीकी जांच होगी। जहां पाइपलाइन कमजोर या छोटी है, वहां जरूरत के मुताबिक विस्तार किया जाएगा। साथ ही पानी का भंडारण बढ़ाने के लिए नई टंकियां बनाने की योजना भी तैयार होगी।
इस पूरी व्यवस्था को स्मार्ट बनाने के लिए मुख्य पाइपलाइनों में सेंसर लगाए जाने का प्रस्ताव है। इन सेंसरों के जरिए पानी का प्रवाह, दबाव और गुणवत्ता लगातार जांची जा सकेगी। पाइपलाइन में कहां लीकेज है और कहां पानी बर्बाद हो रहा है, इसका पता लगाने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाई जाएगी। घरों में स्मार्ट मीटर लगाने की व्यवस्था भी योजना का हिस्सा होगी।
इसके अलावा नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और एससीएडीए (सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डेटा एक्विजिशन) सिस्टम विकसित करने की तैयारी है। इसके तहत कंट्रोल रूम से जलापूर्ति की निगरानी की जा सकेगी। पानी की सप्लाई में कहीं गड़बड़ी आने या दबाव कम होने पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत जानकारी मिल सकेगी।
कंसल्टेंसी एजेंसियों को केवल सर्वेक्षण तक सीमित नहीं रहना होगा। उन्हें इंजीनियरिंग डिजाइन, नक्शे, तकनीकी विवरण और पूरी परियोजना की लागत का आकलन भी करना होगा। इसके साथ ही अगले पांच से दस वर्षों तक योजनाओं के संचालन और रखरखाव का मॉडल तैयार करने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
हालांकि, अभी यह पूरी कवायद योजना और डीपीआर तैयार करने के स्तर पर है। एजेंसियों की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रस्तावों को मंत्री और कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद ही निर्माण और कार्यान्वयन की प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे में अब शहरी आबादी की नजर इस बात पर रहेगी कि 24 घंटे पानी पहुंचाने का सरकारी खाका कब हकीकत बनता है।