Bihar Crime: पशु तस्करी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, 51 भैंस जब्त, 6 तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime: पशु तस्करी के खिलाफ अमौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

Cattle Smuggling Bust
तस्करी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़- फोटो : reporter

Bihar Crime: पूर्णिया जिले में पशु तस्करी के खिलाफ अमौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पलसा पुल के पास छापेमारी कर दो ट्रक और एक टाटा 407 में बेरहमी से ठूंसकर ले जाए जा रहे 51 मवेशियों को बरामद किया है। इस दौरान मौके से छह कथित पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करी के धंधे में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

अमौर थानाध्यक्ष अमजद अली खान ने बताया कि पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पशु तस्करों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बड़ी संख्या में मवेशियों को वाहनों में लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पलसा पुल के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान दो ट्रक और एक टाटा 407 में लदे 51 मवेशी बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक, वाहनों में मवेशियों को बेहद तंग जगह में ठूंसकर ले जाया जा रहा था। बरामद सभी पशु दुधारू और स्वस्थ बताए जा रहे हैं। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से मवेशियों की खरीद-बिक्री और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने सभी छह आरोपियों को हिरासत में लेकर प्राथमिकी दर्ज की।मामले में पशु तस्करी से संबंधित कानूनी प्रावधानों के साथ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीनों वाहनों और छह मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

रिपोर्ट- अंकित कुमार