Vaibhav Suryavanshi In IPL 2026: IPL में बिहार के लालों का धमाका! वैभव सूर्यवंशी बने स्टार, कई अवॉर्ड्स अपने किए नाम

Vaibhav Suryavanshi In IPL 2026: IPL 2026 में बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती। जानें उनके रिकॉर्ड, अवॉर्ड और अन्य बिहार खिलाड़ियों के प्रदर्शन की पूरी कहानी।

IPL में बिहार के खिलाड़ियों का जलवा- फोटो : social media

Vaibhav Suryavanshi In IPL 2026: आईपीएल 2026 में बिहार के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए इस 15 साल के बल्लेबाज ने पूरे सीजन में बेहद आक्रामक अंदाज में रन बनाए और हर मैच में विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया।वैभव ने पूरे सीजन में 237.31 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। उनकी बल्लेबाजी इतनी तेज और प्रभावशाली रही कि वे इस सीजन के सबसे बड़े आकर्षण बन गए।

फाइनल के बाद हुए पुरस्कार समारोह में वैभव को कई बड़े अवॉर्ड मिले। उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन जैसे कई सम्मान एक साथ मिले। एक ही सीजन में इतने अवॉर्ड जीतकर उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। पुरस्कार लेने के बाद जब रवि शास्त्री ने उनका इंटरव्यू लिया तो वैभव ने बहुत ही सहज और आत्मविश्वास से जवाब दिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि “सर, मैं आजकल दूध नहीं पी रहा हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि हर मैच अलग होता है और उसे उसी हिसाब से खेलना पड़ता है।

वैभव ने भोजपुरी में क्या कहा?

वैभव ने अपनी फिटनेस पर भी जोर दिया और कहा कि अगर लंबे समय तक खेलना है तो फिट रहना बहुत जरूरी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय टीम के अच्छे माहौल को दिया और कहा कि सीनियर खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ हमेशा उनका साथ देते हैं। इंटरव्यू के दौरान जब उनसे बिहार के लोगों के लिए कुछ कहने को कहा गया तो उन्होंने भोजपुरी में कहा “जल्दी मिलब बिहार में”, जिससे फैंस काफी खुश हो गए। उन्होंने यह भी बताया कि वह टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं और रेड बॉल क्रिकेट में भी उनका अनुभव अच्छा रहा है। वैभव ने कहा कि वह बिना वजह शॉट नहीं खेलते, बल्कि सही मौके का इंतजार करते हैं।

जय शाह के साथ बैठकर मैच का उठाया लुफ्त

फाइनल मैच के दौरान वैभव ने आईपीएल अध्यक्ष जय शाह के साथ बैठकर मैच देखा और आरसीबी बनाम गुजरात टाइटंस का फाइनल एंजॉय किया। इस सीजन में बिहार के ही कई और खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। गोपालगंज के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से 10 मैचों में 17 विकेट लिए और किफायती गेंदबाजी की। गोपालगंज के ही युवा गेंदबाज साकिब हुसैन ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए 11 मैचों में 15 विकेट लिए। उन्होंने लगातार 10 मैचों में विकेट लेकर एक खास रिकॉर्ड भी बनाया।

समस्तीपुर के ऑलराउंडर अनुकूल राय

समस्तीपुर के ऑलराउंडर अनुकूल राय ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 14 मैचों में 9 विकेट लिए और अपनी किफायती गेंदबाजी और फील्डिंग से सबको प्रभावित किया। उनके प्रदर्शन के दम पर उन्हें इंडिया ए टीम में भी जगह मिली। इस आईपीएल सीजन में बिहार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और खासकर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना ली।