बिहार पुलिस का बड़ा एक्शन: 13 हजार असामाजिक तत्वों से भरवाया गया बॉन्ड, उपद्रवियों पर ड्रोन से नजर, 30 हजार अतिरिक्त जवान तैनात

बिहार में आगामी होली और रमजान के त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Patna - त्योहारों के दौरान खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक लगभग 13,000 असामाजिक तत्वों से बंध पत्र (Bond Paper) भरवाया जा चुका है। पुलिस के पास 30,000 ऐसे उपद्रवियों की लिस्ट तैयार है, जिनकी गतिविधियों पर पल-पल की निगरानी रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दंगाइयों और दंगों की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष बल तैनात किए गए हैं।

30 हजार अतिरिक्त जवानों की तैनाती

सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए राज्य के विभिन्न संवेदनशील जिलों में 30,000 अतिरिक्त पुलिस जवानों को डिप्लॉय किया गया है। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ विशेष शाखा और त्वरित कार्य बल की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील रास्तों पर सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखने की योजना है।

मुखिया और वार्ड सदस्यों से पुलिस की अपील

शांति व्यवस्था बनाए रखने में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण मानते हुए पुलिस ने मुखिया और वार्ड सदस्यों से विशेष अपील की है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या तनाव की स्थिति नजर आती है, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दें। सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए अपराध को समय रहते रोकने की कोशिश की जा रही है।

डीजीपी विनय कुमार का कड़ा संदेश

बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि नागरिक कानून को अपने हाथ में न लें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी ने लोगों से अनुरोध किया कि किसी भी घटना या दुर्घटना की स्थिति में पुलिस को त्वरित सूचना दें ताकि पुलिस समय पर हस्तक्षेप कर सके।

सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर

त्योहारों के दौरान अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय कर दिया गया है। भड़काऊ पोस्ट साझा करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट डालने वालों के खिलाफ साइबर सेल द्वारा तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Report - anil kumar