Patna Breaking: बिहार में नई सरकार के गठन की सुगबुगाहट, लोकभवन में तैयारियों को लेकर बड़ी बैठक आज

बिहार में नई सरकार के गठन और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्यपाल के सचिव ने आज शाम पटना के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों की अहम बैठक बुलाई है।

Patna - बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा द्वारा जारी एक आधिकारिक पत्र के बाद प्रशासन में हलचल बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, बिहार लोक भवन में आयोजित होने वाले आगामी समारोहों (संभावित शपथ ग्रहण) की तैयारियों को लेकर आज 13 अप्रैल 2026 को शाम 04:30 बजे एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है। 

इन अधिकारियों को किया गया तलब

राज्यपाल के सचिव ने इस बैठक के लिए पटना के पूरे प्रशासनिक अमले को निर्देश जारी किए हैं। बैठक में शामिल होने वाले प्रमुख अधिकारियों में प्रमंडलीय आयुक्त, पटना,  जिलाधिकारी (DM), पटना, वरिीय पुलिस अधीक्षक (SSP), पटना, नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य, पूर्वी, पश्चिमी), पुलिस अधीक्षक (यातायात) और अपर जिला दण्डाधिकारी शामिल हैं।  

सम्राट चौधरी के आवास पर बढ़ी हलचल

प्रशासनिक तैयारियों के बीच राजनीतिक गलियारे भी पूरी तरह सक्रिय हैं। बिहार लोक भवन के सचिव ने सम्राट चौधरी के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि नई सरकार बनाने को लेकर लोक भवन में होने वाली तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई है। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और संजय सरावगी जैसे कद्दावर नेता भी मौजूद रहे।

बिहार लोक भवन में बैठक का एजेंडा

आधिकारिक पत्र के अनुसार, बिहार लोक भवन में भविष्य में आयोजित होने वाले विभिन्न समारोहों की व्यवस्था पर विचार-विमर्श के लिए यह बैठक बुलाई गई है। हालांकि, जिस तरह से अचानक सुरक्षा और प्रशासन के बड़े अधिकारियों को एक साथ बुलाया गया है, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि यह बैठक शपथ ग्रहण समारोह के सुरक्षा प्रोटोकॉल और लॉजिस्टिक तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए है।

जल्द हो सकता है बड़ा ऐलान

राजनीतिक पंडितों की मानें तो भाजपा और उसके सहयोगियों के बीच नई सरकार के स्वरूप को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है। सम्राट चौधरी के आवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक और राजभवन की ओर से बुलाई गई प्रशासनिक मीटिंग इस बात की पुष्टि करती है कि बिहार में सत्ता परिवर्तन या नई कैबिनेट के विस्तार की घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है। फिलहाल, सभी की निगाहें आज शाम 4:30 बजे होने वाली इस बैठक के नतीजों पर टिकी हैं।

रिपोर्ट - नरोत्तम कुमार