बिहार भाजपा की बड़ी चूक: पार्टी कार्यालय में पोस्टर से गायब हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, नड्डा की फोटो देख मचा हड़कंप
पटना में भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में वर्तमान अध्यक्ष नितिन नवीन की जगह पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा का पोस्टर लगने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पोस्टर हटाकर पीसी की गई।
Patna - बिहार भाजपा कार्यालय में आंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोस्टर को लेकर हुई बड़ी चूक चर्चा का विषय बन गई है। संवाददाता सम्मेलन के लिए लगाए गए पोस्टर में वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जगह पूर्व अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की तस्वीर छप गई। नेताओं की नजर इस गलती पर पीसी शुरू होने से ठीक पहले पड़ी, जिसके बाद आनन-फानन में उस पोस्टर को वहां से हटाया गया।
नितिन नवीन की जगह जेपी नड्डा का पोस्टर
12 अप्रैल को भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोस्टर विवाद ने सबका ध्यान खींचा। पोस्टर में राज्य के नेतृत्व के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा की तस्वीरें तो सही थीं, लेकिन राष्ट्रीय नेतृत्व के हिस्से में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नितिन नवीन की जगह जेपी नड्डा की फोटो लगी थी। बता दें कि पटना के ही रहने वाले नितिन नवीन चार महीने पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
भूल सुधार के बाद संपन्न हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस

जैसे ही पार्टी नेताओं को इस तकनीकी गलती का एहसास हुआ, विवाद से बचने के लिए पोस्टर को तुरंत हटा दिया गया। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को अटल सभागार के मूल बैकग्राउंड (स्थायी स्क्रीन) पर ही संपन्न किया गया। इस दौरान मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और एससी-एसटी कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान उपस्थित थे, जिन्होंने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
जेपी नड्डा और नितिन नवीन का गहरा पटना कनेक्शन
दिलचस्प बात यह है कि पोस्टर में नजर आए दोनों ही दिग्गज नेताओं का पटना से विशेष जुड़ाव है। जेपी नड्डा मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के हैं, लेकिन उनका जन्म और स्नातक तक की शिक्षा पटना में ही संपन्न हुई है। वहीं, नितिन नवीन पटना के ही निवासी हैं और वे बिहार सरकार में कई बार मंत्री और विधायक रहने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुँचे हैं।
आंबेडकर जयंती पर भाजपा का 20 दिवसीय अभियान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री लखेंद्र पासवान ने बताया कि भाजपा बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती के अवसर पर अगले 20 दिनों तक गांव-गांव में विविध कार्यक्रम आयोजित करेगी। 13 अप्रैल को बापू सभागार में 'समग्र शिक्षा समागम' का आयोजन हुआ और राज्य भर में आंबेडकर की मूर्तियों की सफाई की गई। 14 अप्रैल को पटना सहित राज्य के सभी जिलों में भव्य जयंती कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।