Bihar Ration Card, बिहार में आवेदन के 30 दिनों के भीतर बनेगा नया राशन कार्ड, 75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर पहुंचेगा अनाज

बिहार में राशन कार्ड बनवाने के लिए अब पात्र परिवारों को लंबा इंतजार नहीं करना होगा।

Bihar Ration Card, बिहार में राशन कार्ड बनवाने के लिए अब पात्र परिवारों को लंबा इंतजार नहीं करना होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले योग्य परिवारों को 30 दिनों के भीतर कार्ड जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों से जल्द आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें जनवितरण प्रणाली के माध्यम से अनाज मिलने लगे।

गुरुवार को पटना के ज्ञान भवन में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 23 लाख 75 हजार नए लाभुकों को राशन कार्ड वितरित किए। इसके साथ ही जनवितरण प्रणाली की 1448 दुकानों के लिए लाइसेंस भी प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से कुछ लाभुकों को अपने हाथों से राशन कार्ड सौंपे।


इस अवसर पर उन्होंने बताया कि वर्तमान में बिहार में 2.09 करोड राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इनके माध्यम से करीब 8.46 करोड लोगों को खाद्यान्न योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार ने एक करोड नए लोगों को राशन कार्ड से जोडने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में अब तक लगभग 24 लाख लोगों को योजना से जोडा जा चुका है। उन्होंने गरीब परिवारों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार भी जताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग राशन कार्डधारियों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से 75 वर्ष से अधिक आयु के लाभुकों को उनके घर पर ही राशन पहुंचाने की व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे पहले यह सुविधा 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए निर्धारित की गई थी। नई व्यवस्था से अधिक संख्या में बुजुर्गों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि बिहार में कोई भी गरीब भूखा नहीं सोए और कोई पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। गरीबों के जीवन स्तर में सुधार लाना तथा उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है।