Bihar Train: बिहार के रेल यात्रियों को झटका, वंदे भारत समेत 16 ट्रेनों के मार्ग बदले, इन स्टेशनों पर नहीं रुकेगी ट्रेनें
भारतीय रेल के ताज़ा फैसले ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है।बिहार से गुजरने वाली 16 अहम ट्रेनों के रूट में बड़ा बदलाव किया गया है, जिससे मई महीने में सफर करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।...
Bihar Train:बिहार की सियासी फिज़ा में जहां विकास और सुविधाओं के दावे गूंजते रहते हैं, वहीं जमीनी हकीकत एक बार फिर मुसाफिरों की मुश्किलों के रूप में सामने आई है। भारतीय रेल के ताज़ा फैसले ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। जैनपुर जंक्शन पर चल रहे यार्ड रिमॉडलिंग के चलते बिहार से गुजरने वाली 16 अहम ट्रेनों के रूट में बड़ा बदलाव किया गया है, जिससे मई महीने में सफर करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
सबसे ज्यादा असर उन ट्रेनों पर पड़ा है जो रोजमर्रा के यात्रियों और लंबी दूरी तय करने वालों की लाइफलाइन मानी जाती हैं। पटना-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस,बरौनी-गोंदिया, रक्सौल-आनंद विहार और कोटा-पटना जैसी ट्रेनों का रूट बदलने से सफर लंबा और थकाऊ हो जाएगा। इतना ही नहीं, अयोध्या धाम जंक्शन, शाहगंज और जौनपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव खत्म कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
रेलवे के इस फैसले के पीछे तकनीकी वजह यार्ड रिमॉडलिंग बताई जा रही है, लेकिन आम लोगों के लिए यह राहत नहीं, बल्कि नई आफत बनकर सामने आई है। 4 मई से 27 मई तक लागू रहने वाले इस बदलाव ने खासकर उन यात्रियों को झटका दिया है, जिन्होंने पहले से टिकट बुक कर रखे थे और अब उन्हें अपनी पूरी यात्रा योजना बदलनी पड़ रही है।
सियासी नजरिए से देखें तो यह मुद्दा अब सरकार के सुविधा बनाम असुविधा के दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। जहां एक तरफ हाई-स्पीड ट्रेनों और आधुनिक रेलवे का सपना दिखाया जाता है, वहीं दूसरी तरफ अचानक रूट बदलने और स्टॉपेज खत्म करने जैसे फैसले आम जनता को असहज कर रहे हैं।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह बदलाव अस्थायी है और काम पूरा होते ही सेवाएं सामान्य हो जाएंगी। लेकिन तब तक बिहार के हजारों यात्रियों के लिए यह सफर किसी इम्तिहान से कम नहीं होगा। अब देखना यह है कि यह “अस्थायी बदलाव” कितनी जल्दी खत्म होता है या फिर मुसाफिरों की मुश्किलें और लंबी खिंचती हैं।