3 मई से निशांत कुमार की 'सद्भावना यात्रा': चंपारण की धरती से करेंगे श्रीगणेश, बोले- "सबको साथ लेकर चलना ही मकसद"

Bihar Politics : पूर्व सीएम नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की सद्भावना यात्रा की 3 मई से शुरुआत होने जा रही है। आज उन्होंने इसे लेकर मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि जनता से सीधा जुड़ाव है...

3 मई से निशांत कुमार की 'सद्भावना यात्रा': चंपारण की धरती से

Patna : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और जेडीयू के उभरते नेता निशांत कुमार आगामी 3 मई से अपनी बहुप्रतीक्षित 'सद्भावना यात्रा' पर निकलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यात्रा की शुरुआत से पहले निशांत कुमार काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं और लगातार पटना स्थित पार्टी मुख्यालय पहुँचकर वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठकें कर रहे हैं। आज शुक्रवार को वे पार्टी कार्यालय पहुंच और कार्यकर्ताओं के साथ करीब तीन घंटे तक बैठक की। उस बैठक में उन्होंने यात्रा की रणनीति, जनसंपर्क अभियान और संगठन की मजबूती पर विस्तार से चर्चा की।


दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा जनसंपर्क का सफर 

वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान निशांत कुमार ने अपनी कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि वे 3 मई को दोपहर 1:30 बजे से सद्भावना यात्रा पर निकलेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस यात्रा का प्राथमिक उद्देश्य जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान की दिशा में सार्थक प्रयास करना है। निशांत कुमार ने कहा, "यह यात्रा केवल एक राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित करने का एक माध्यम है।"


भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश 

अपनी यात्रा के विजन को स्पष्ट करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि 'सद्भावना यात्रा' का मूल मंत्र प्रेम और भाईचारा है। उन्होंने जोर देकर कहा, "हमारा मकसद समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना है। चाहे वह अमीर हो या गरीब, दलित हो या सवर्ण, छोटा हो या बड़ा—सबके साथ प्रेम और सम्मान का भाव होना चाहिए।" उन्होंने बताया कि वे अपने पिता नीतीश कुमार के 'न्याय के साथ विकास' के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


चंपारण से होगी शुरुआत, 20 विधायकों की टीम रहेगी साथ 

मिली जानकारी के अनुसार, निशांत कुमार की यह यात्रा गांधी की कर्मभूमि चंपारण (वाल्मीकिनगर/बगहा) से शुरू होगी। उनके साथ जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक दल के नेता श्रवण कुमार और करीब 20 विधायकों की एक विशेष टीम भी मौजूद रहेगी। 3 मई की शाम वे सड़क मार्ग से वाल्मीकिनगर पहुँचेंगे और 4 मई को बेतिया में पार्टी के जिला व प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगे।


कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार 

निशांत कुमार की इस सक्रियता ने जेडीयू कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह भर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सत्ता के आसान रास्ते के बजाय 'बिहार यात्रा' का कठिन विकल्प चुनकर निशांत ने एक बड़ा संदेश दिया है। संगठन को धार देने के लिए वे पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत 7 मई को वैशाली से होने की संभावना है, जिसके लिए पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

नरोत्तम की रिपोर्ट