Rajya Sabha Elections: बिहार राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी, कांग्रेस के 2 विधायक गायब! सत्ता बनाम विपक्ष के शक्ति प्रदर्शन में कौन मारेगा बाजी, पढ़िए

Rajya Sabha Elections: राज्य में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है, जिसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों में जबरदस्त सियासी सरगर्मी देखने को मिल रही है।

बिहार राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी- फोटो : social Media

Rajya Sabha Elections: बिहार की सियासत आज पूरी तरह गर्म है। सत्ता के गलियारों में हलचल तेज है और राजनीतिक बिसात पर चालें चलने का दौर जारी है। दरअसल राज्य में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है, जिसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों में जबरदस्त सियासी सरगर्मी देखने को मिल रही है।

राजधानी पटना स्थित बिहार विधानसभा परिसर में सुबह 9 बजे से वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो शाम 4 बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद शाम 5 बजे से मतपत्रों की गिनती शुरू होगी और करीब एक घंटे में नतीजे सामने आने की उम्मीद है।

इसी बीच बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी विक्ट्री साइन दिखाते हुए विधानसभा पहुंचे, जिससे सत्ताधारी खेमे का आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। सबसे पहले एनडीए की वरिष्ठ विधायक वोट डालने पहुंचीं, वहीं चनपटिया से राजद विधायक अनिता देवी ने भी अपना मताधिकार का इस्तेमाल किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार भी मतदान प्रक्रिया के लिए सदन पहुंच चुके हैं।

राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो जीत के लिए पहली वरीयता के 41 वोट जरूरी हैं। अगर किसी सीट पर पहली वरीयता से फैसला नहीं हो पाता है, तो दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती की जाएगी। यही वजह है कि हर वोट की अहमियत बढ़ गई है और दलों के भीतर भी सियासी जोड़-तोड़ की चर्चा तेज है।

इस चुनाव में एनडीए ने अपने पांच उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जिनमें नीतीश कुमार (जदयू), नितिन नवीन (भाजपा) और उपेंद्र कुशवाहा (आरएलएम) जैसे बड़े चेहरे शामिल हैं। इनके अलावा जदयू से केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा के नेता शिवेश कुमार भी मैदान में हैं। वहीं विपक्ष की ओर से अमरेंद्र धारी सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। इस बीच विपक्षी खेमे में हलचल तब बढ़ गई जब खबर आई कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के दो विधायक अब भी संपर्क में नहीं हैं। इस पर राजद नेता चंद्रशेखर ने दावा किया कि महागठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहा है और जीत का जश्न भी मनाएगा।

उधर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि विधायक जिस प्रतिनिधि को राज्यसभा भेजेंगे, वह केंद्र में रहकर बिहार के विकास की आवाज बुलंद करेगा। वहीं जदयू नेता विजय चौधरी का दावा है कि एनडीए के पांचों उम्मीदवार प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेंगे। कुल मिलाकर बिहार की सियासत में आज का दिन बेहद अहम है। सत्ता और विपक्ष दोनों अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन असली फैसला अब मतगणना के बाद ही सामने आएगा कि सियासी बाज़ी किसके नाम होती है।