Bihar Roads Boom: बिहार में सड़कों का बिछ रहा जाल, गांव से शहर तक सफर हुआ आसान; 1.21 लाख KM ग्रामीण सड़कें बनीं विकास की नई रफ्तार

Bihar Roads Boom: बिहार की तस्वीर तेजी से बदल रही है। कभी जर्जर सड़कों, गड्ढों और घंटों के जाम से जूझने वाले लोगों को अब बेहतर कनेक्टिविटी की सौगात मिल रही है।...

बिहार में सड़कों का बिछ रहा जाल- फोटो : social Media

Bihar Roads Boom: बिहार की तस्वीर तेजी से बदल रही है। कभी जर्जर सड़कों, गड्ढों और घंटों के जाम से जूझने वाले लोगों को अब बेहतर कनेक्टिविटी की सौगात मिल रही है। गांवों से शहरों तक सड़कों का जाल बिछ रहा है। कहीं फोरलेन और सिक्सलेन सड़कें आकार ले रही हैं, तो कहीं एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर लोगों के सफर को आसान बना रहे हैं। एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड सड़क परियोजनाओं से राज्य के विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी है। सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के किसी भी दूरदराज इलाके से पटना पहुंचने में चार घंटे से ज्यादा समय न लगे।

राजधानी पटना के मीठापुर में रहने वाले प्रहलाद कुमार बताते हैं कि एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर बनने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। पहले चिरैयाटांड़ और रेलवे स्टेशन की ओर आने-जाने में जाम से जूझना पड़ता था। वाहनों की लंबी कतारों के कारण काफी वक्त बर्बाद होता था। अब आवागमन पहले से आसान हुआ है। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया।

इसी तरह लखीसराय के मानो गांव निवासी मनोज का कहना है कि सड़क बनने से ग्रामीणों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। पहले खराब सड़कों और बरसात में कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता था। अब बाजार, अस्पताल और दूसरी जरूरी जगहों तक पहुंचना आसान हो गया है। समय की बचत के साथ लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भी सहूलियत मिल रही है।

ग्रामीण सड़कों के विस्तार की बात करें तो आंकड़े भी तस्वीर बयां करते हैं। ग्रामीण कार्य विभाग के मुताबिक, बिहार में अब तक 1,21,178.58 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, ग्रामीण टोला संपर्क निश्चय योजना और सुलभ संपर्कता योजना के जरिए गांवों और टोलों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। सड़कों की उम्र और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए मरम्मत तथा नवीनीकरण पर भी जोर दिया जा रहा है।

शहरी और प्रमुख सड़कों के रखरखाव के लिए भी बड़ा बजट निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 26 सितंबर 2026 को 10,590.53 करोड़ रुपये की लागत से 13,033 किलोमीटर सड़कों के रखरखाव कार्य की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत 66 पैकेजों में 2026 से 2033 तक काम होना है।

पथ निर्माण विभाग के पास फिलहाल 3,617 किलोमीटर राज्य उच्च पथ और 16,784 किलोमीटर वृहद जिला पथ हैं। वहीं, रखरखाव कार्यक्रम के तीसरे चरण में 19,305.58 किलोमीटर सड़कें और पुल-पुलियों की देखभाल के लिए 15,967.03 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

सड़क विकास का असर केवल सफर तक सीमित नहीं रहेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से कारोबार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। गांवों की उपज बाजार तक आसानी से पहुंचेगी और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में कम वक्त लगेगा। अब असली चुनौती इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और सड़कों की गुणवत्ता बरकरार रखने की है।