बिहार में भीषण गर्मी के कारण स्कूलों का समय बदला, 30 जून तक सुबह 6:30 बजे से चलेंगी कक्षाएं
शिक्षा विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और विद्यार्थियों को सामान्य समय में विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
Bihar Education News : बिहार में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों के समय में बदलाव किया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्राथमिक, मध्य एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय अब 30 जून 2026 तक सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को संशोधित समय-सारिणी का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है, ताकि विद्यार्थियों को भीषण गर्मी से बचाया जा सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
संशोधित समय-सारिणी
विद्यालय में प्रवेश सुबह 6:30 बजे होगा। प्रार्थना सभा सुबह 6:30 बजे से 7:00 बजे तक और शैक्षणिक कक्षाएं सुबह के सत्र में नियमित रूप से संचालित होंगी। मध्याह्न भोजन (प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय) सुबह 9:00 बजे से 9:40 बजे तक होगा जबकि अंतिम कक्षा/सत्र समाप्ति: दोपहर 12:20 बजे तक निर्धारित किया गया है। अगले दिन की योजना एवं गतिविधियों की समीक्षा 12:20 बजे से 12:30 बजे तक होगी।
क्यों बदला गया स्कूलों का समय?
शिक्षा विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और विद्यार्थियों को सामान्य समय में विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। विभाग का कहना है कि सुबह के समय विद्यालय संचालित होने से छात्रों को तेज धूप और अत्यधिक गर्मी से राहत मिलेगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी और सभी विद्यालयों को बिना किसी बदलाव के इसका पालन करना होगा। क्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि संशोधित समय-सारिणी का पालन सुनिश्चित किया जाए।