बिहार कौशल विकास मिशन: KYP केंद्र संचालकों का धरना-प्रदर्शन, सरकार और श्रम संसाधन विभाग से न्याय की गुहार

पूर्व से संचालित 1731 KYP केन्द्रों में केवल 871 केंद्रों पर ही 'KYP डिजिटल मित्र' कार्यक्रम प्रारंभ करने का नया नोटिफिकेशन जारी कर को लेकर संचालकों में आक्रोश व्याप्त है। बाकी बचे केन्द्र के संचालकों ने सोमवार को पटना में प्रदर्शन किया.....

KYP केंद्र संचालकों का पटना में धरना-प्रदर्शन- फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार कौशल विकास मिशन के अंतर्गत पूर्व से संचालित 1731 कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) केंद्रों के भविष्य, केंद्र संचालकों की गंभीर समस्याओं और युवाओं के कौशल प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेशभर के KYP केंद्र संचालकों द्वारा जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। संचालकों का कहना है कि उनके अस्तित्व और आजीविका पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।


विभागीय आश्वासन और जारी नोटिफिकेशन में अंतर का आरोप

आंदोलित केंद्र संचालकों का मुख्य आरोप है कि विभाग के साथ हुई उच्चस्तरीय वार्ता के दौरान यह सहमति बनी थी कि पूर्व से संचालित सभी KYP केंद्रों को पूर्ववत सुचारू रूप से चालू रखा जाएगा। हालांकि, इसके विपरीत विभाग द्वारा केवल 871 केंद्रों पर ही 'KYP डिजिटल मित्र' कार्यक्रम प्रारंभ करने का नया नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया, जिससे बाकी बचे सैकड़ों केंद्र संचालक असमंजस और गुस्से में हैं।


हजारों युवाओं के प्रशिक्षण और संचालकों की आजीविका प्रभावित

संचालकों का तर्क है कि वर्षों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इन 1731 केंद्रों के माध्यम से युवाओं को डिजिटल साक्षरता और कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अचानक इस तरह के बदलाव और आधे से कम केंद्रों को अनुमति मिलने से न केवल केंद्र संचालकों और वहां कार्यरत कर्मियों के समक्ष रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है, बल्कि इससे प्रशिक्षण ले रहे हजारों युवाओं का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है।


सरकार और श्रम संसाधन विभाग से न्याय की गुहार

प्रदर्शन कर रहे केंद्र संचालकों ने सरकार और बिहार कौशल विकास मिशन के अधिकारियों से मांग की है कि पूर्व से चल रहे सभी 1731 केंद्रों को यथावत संचालित रखने का आदेश जारी किया जाए। संचालकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए बाध्य होंगे।


अभिजीत की रिपोर्ट