BPSC 72nd PT Postponed: तारीख पर तारीख ! बिहार लोक सेवा आयोग ने 72वीं प्रारंभिक परीक्षा फिर की स्थगित, अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार
BPSC 72nd PT Postponed: बिहार लोक सेवा आयोग ने 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षा को एक बार फिर स्थगित कर दिया है। परीक्षा पहले 25 अक्तूबर 2026 को आयोजित होनी थी।
PATNA : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने एक बार फिर 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा पहले 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होनी थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से अब इस निर्धारित तिथि पर परीक्षा नहीं होगी। आयोग की ओर से फिलहाल नई परीक्षा तिथि का ऐलान नहीं किया गया है।
इससे पहले यह परीक्षा 26 जुलाई 2026 को आयोजित होनी थी, जिसे जुलाई महीने में अपरिहार्य कारणों से टाल दिया गया था। इसके बाद आयोग ने परीक्षा के लिए 25 अक्टूबर 2026 की नई तारीख तय की थी और इसे वार्षिक परीक्षा कैलेंडर में भी शामिल किया गया था, लेकिन अब इस दूसरे कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया है।
आयोग द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित की गई है और नई तारीख की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। बार-बार परीक्षा टलने से लाखों अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बन गई है, जो लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए थे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया या अन्य अनधिकृत माध्यमों पर चल रही तारीखों की खबरों पर अभ्यर्थी बिल्कुल भरोसा न करें। किसी भी तरह की भ्रामक जानकारियों से बचने के लिए केवल आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर जारी होने वाले नोटिफिकेशन्स पर ही ध्यान देना चाहिए। अभ्यर्थियों के लिए सलाह दी जाती है कि वे निराश होने के बजाय अपनी तैयारी को लगातार मजबूत बनाए रखें। BPSC की आधिकारिक वेबसाइट (bpsc.bih.nic.in) पर परीक्षा की नई तारीख से जुड़ा अपडेट आते ही सबसे पहले आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।