Bihar News: बिहार में अब घर बैठे महिलाएं दर्ज करा सकेंगी शिकायत, जानिए कब से शुरु होगी सुविधा

Bihar News: बिहार राज्य महिला आयोग ने बड़ी पहल शुरु की है। जिसके तहत अब महिलाएं घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगे। आइए जानते हैं कि कब से यह सुविधा शुरु होगी..?

Bihar State Women Commission- फोटो : social media

Bihar News:  बिहार राज्य महिला आयोग ने महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का फैसला लिया है। आयोग की 24वीं वर्षगांठ पर 19 सितंबर को इस व्यवस्था की आधिकारिक शुरुआत की जाएगी। इस सुविधा से महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। जो महिलाएं घर से बाहर जाकर शिकायत नहीं कर पाती और अत्याचार सहती रहती हैं उनको बड़ी राहत मिलेगी। 

ऑनलाइन फॉर्म से दर्ज होगी शिकायत

अब महिलाएं अपने घर से ही ऑनलाइन आवेदन कर शिकायत दर्ज करा सकेंगी। इसके लिए उन्हें एक फॉर्म भरना होगा, जिसमें नाम, पूरा विवरण और केस से संबंधित जानकारी देनी होगी। साथ ही, जिस व्यक्ति के खिलाफ शिकायत है उसकी जानकारी भी देनी होगी।

किन मामलों पर दर्ज होगी शिकायत

फॉर्म में अलग-अलग कॉलम दिए जाएंगे, जिनमें महिलाओं को अपने केस की श्रेणी का चयन करना होगा। इनमें दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, शादी का झांसा देकर शोषण, एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर आदि से जुड़े मामले शामिल होंगे। फॉर्म भरने के बाद ऑनलाइन सिग्नेचर करना अनिवार्य होगा। जिसके बाद आवेदन पूरा माना जाएगा।

दूर-दराज की महिलाओं को मिलेगी राहत

महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने बताया कि अक्सर दूरदराज से गरीब महिलाएं शिकायत दर्ज कराने के लिए दफ्तर आती थीं। नई व्यवस्था के बाद उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं होगी। छात्र-छात्राओं की तरह फॉर्म भरने की प्रक्रिया होगी और शिकायत पर आयोग सीधे संज्ञान लेगा।