Bihar Airport News: बिहार से बैंकॉक जाना होगा आसान, पटना-गया एयरपोर्ट से शुरु होगी अंतरराष्ट्रीय उड़ान, यात्रियों के लिए बड़ी खबर

Bihar Airport News: बिहार में अब आप सीधे अंतरराष्ट्रीय यात्रा कर सकेंगे। जल्द ही पटना और गया एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरु होने जा रही हैं। राज्य सरकार इसमें विमानन कंपनियों की मदद करेगी।

एयरपोर्ट
पटना से बैंकॉक जाना हुई आसान - फोटो : social media

Bihar Airport News:  अगर आप बिहार में रहते हैं और आपको अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर जाना है तो आपको पहले दिल्ली जाना होता है। पटना से फ्लाइट से दिल्ली फिर दिल्ली से फ्लाइट लेकर आप अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर जाते हैं, लेकिन अब आपके लिए राहत वाली खबर है। आप अब पटना और गया से ही अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर जा सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय यात्रा अब बिहार के लोगों के लिए आसान और किफायती होने जा रही है। दरअसल, नीतीश सरकार पटना और गया एयरपोर्ट से सीधे विदेशी शहरों में उड़ान सेवा शुरु करने की तैयारी में है। 

अब सीधे अंतरराष्ट्रीय उड़ान

जानकारी अनुसार इसके लिए नागरिक उड्डयन विभाग ने आधिकारिक तौर पर टेंडर जारी कर दिया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को बैंकॉक, काठमांडू या अन्य विदेशी शहरों के लिए दिल्ली या कोलकाता जैसे बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

इन शहरों के लिए प्रस्तावित हैं सीधी उड़ानें

राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए पांच प्रमुख शहरों का चयन किया है। योजना के तहत पटना से नेपाल की राजधानी काठमांडू के लिए सीधी उड़ान शुरू की जाएगी। वहीं गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शारजाह (यूएई), बैंकॉक (थाईलैंड), कोलंबो (श्रीलंका) और सिंगापुर के लिए उड़ान सेवाएं प्रस्तावित हैं। इस पहल से खासकर खाड़ी देशों में काम करने वाले बिहार के लोगों, पर्यटन उद्योग और बौद्ध सर्किट से जुड़े श्रद्धालुओं को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

बिहार सरकार कंपनियों को देंगे फंड 

इन रूटों को सुचारु रूप से शुरू करने के लिए बिहार सरकार ‘वायबिलिटी गैप फंडिंग’ (VGF) के तहत एयरलाइंस कंपनियों को आर्थिक सहायता देगी। सरकार ने कुल 36.5 करोड़ रुपये तक का प्रावधान किया है। पटना-काठमांडू और गया-काठमांडू रूट के लिए 18-18 करोड़ रुपये तक की सहायता तय की गई है। वहीं गया से सिंगापुर, शारजाह और बैंकॉक जैसे लंबी दूरी के रूटों पर प्रति राउंड ट्रिप 10 लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी। यह सहायता शुरुआती छह महीनों तक जारी रहेगी।

सप्ताह में 2 से 7 दिन उड़ानें संभव

योजना के तहत सप्ताह में कम से कम दो और अधिकतम सात दिनों तक उड़ानों का संचालन किया जाएगा। इससे बिहार में निवेश और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की संभावना है। एयरलाइंस कंपनियां 15 अप्रैल तक आवेदन कर सकती हैं। इसके बाद जल्द ही बिहार के आसमान में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत होने की उम्मीद है, जिससे राज्य की कनेक्टिविटी को नई पहचान मिलेगी।