बिहार STF की बड़ी कार्रवाई:7 साल से फरार 25,000 का इनामी विशाल सिंह गिरफ्तार,बैंक मैनेजर के परिवार के मर्डर में था आरोपी

बिहार STF, पटना व झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ₹25,000 का इनामी कुख्यात डकैत विशाल कुमार सिंह रांची के बरियातू से गिरफ्तार आरोपी 2019 के लोटस अपार्टमेंट 30 लाख डकैती कांड और 2005 के गर्दनीबाग तिहरे हत्याकांड में बीते 7 सालों से फरार चल रहा

7 साल से फरार 25,000 का इनामी विशाल सिंह को STF ने दबोचा - फोटो : Reporter

बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल (STF), पटना जिला पुलिस और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑपरेशन में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी विशाल कुमार सिंह को झारखंड के रांची स्थित बरियातू थाना क्षेत्र से धर दबोचा। मूल रूप से पटना के गर्दनीबाग (यारपुर) का रहने वाला विशाल बरियातू में अपना ठिकाना बनाकर छिपा हुआ था, जिसकी भनक मिलते ही पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।


पाटलिपुत्र के लोटस अपार्टमेंट डकैती कांड में था वांछित

गिरफ्तार कुख्यात विशाल कुमार सिंह वर्ष 2019 में पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित चर्चित लोटस अपार्टमेंट में हुई डकैती की घटना में मुख्य रूप से वांछित था। आरोप है कि उसने अपने गिरोह के साथ मिलकर सीए आशीष कुमार के फ्लैट पर धावा बोला था और गन प्वाइंट पर करीब 30 लाख रुपये के स्वर्णाभूषण और नकदी लूट ली थी। 26 जनवरी 2019 को दर्ज हुई इस प्राथमिकी के बाद से ही पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।


गर्दनीबाग के सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में भी शामिल था नाम

विशाल कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 20 मई 2005 को  गर्दनीबाग के कालीबाड़ी इलाके में एसबीआई मैनेजर विश्वनाथ बोस के घर हुई डकैती और तिहरे हत्याकांड में भी शामिल था। डकैती के दौरान बैंक मैनेजर की पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस दिल दहला देने वाली घटना में मैनेजर की पत्नी के हाथ टेलीफोन के तार से बंधे मिले थे, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था।


सात सालों से दे रहा था चकमा, कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मामले

लोटस अपार्टमेंट डकैती के बाद से ही विशाल बीते सात सालों से पुलिस को चकमा देकर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। पटना जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ डकैती, हत्या और संगीन अपराधों के कम से कम तीन बड़े मामले दर्ज हैं। बिहार एसटीएफ की इस सटीक कार्रवाई से न केवल पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, बल्कि अन्य राज्यों की पुलिस को भी राहत मिली है।


रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस विशाल कुमार सिंह के पूरे आपराधिक नेटवर्क और उसके गिरोह से जुड़े अन्य सक्रिय सदस्यों का ब्योरा जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उसके छिपे हुए साथियों, हथियारों और अन्य अपराधों में उसकी संलिप्तता के बारे में कड़ाई से पूछताछ की जा सके।