SEMICON India 2026 में बिहार की सशक्त उपस्थिति, अमेरिकी और जापानी निवेशकों के साथ हुई गोलमेज चर्चा
बिहार द्वारा सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में उभरती संभावनाओं और निवेश के अवसरों को देश-विदेश के उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है.....
Patna/Delhi : उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित प्रतिष्ठित ‘SEMICON India 2026’ में राज्य की ओर से सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं का जोरदार प्रदर्शन किया जा रहा है। इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स एंड सेमीकंडक्टर एसोसिएशन (IESA) द्वारा 17 से 19 सितंबर 2026 तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में बिहार के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रेजिडेंट कमिश्नर मनोज कुमार सिंह और एमएसएमई निदेशक अमन समीर संयुक्त रूप से कर रहे हैं।
अमेरिका और जापानी हितधारकों के साथ विशेष राउंडटेबल चर्चा
इस वैश्विक मंच के माध्यम से बिहार सरकार राज्य में उभरती औद्योगिक संभावनाओं, नीतिगत सहयोग और निवेश के आकर्षक अवसरों को देश-विदेश के उद्योग जगत के समक्ष प्रभावी ढंग से रख रही है। कार्यक्रम के तहत अमेरिका और जापान के प्रमुख हितधारकों के साथ विशेष राउंडटेबल चर्चा आयोजित की गई, जिसमें सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को बढ़ावा देने पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
B2G बैठकों के जरिए निवेशकों को सुगम और सहयोगात्मक माहौल का भरोसा
बिहार के प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न Business-to-Government (B2G) बैठकों में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया, जहां निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के साथ संभावित निवेश प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इन बैठकों में राज्य के मजबूत होते औद्योगिक इकोसिस्टम, क्षेत्रवार अवसरों तथा निवेशकों के लिए सरकार की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे सुगम प्रशासनिक सहयोग को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
‘Semiconductor Policy 2026’ और औद्योगिक बुनियादी ढांचे का प्रदर्शन
आयोजन के दौरान बिहार की अत्याधुनिक ‘Semiconductor Policy 2026’ के साथ-साथ राज्य में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक आधारभूत ढांचे और निवेश-केंद्रित दृष्टिकोण को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके माध्यम से वैश्विक निवेशकों को यह स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि बिहार सरकार सेमीकंडक्टर एवं संबद्ध विनिर्माण क्षेत्रों में हरसंभव नीतिगत और ढांचागत सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग के साथ बिहार के जुड़ाव को मिल रही मजबूती
SEMICON India 2026 में बिहार की यह सहभागिता वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग के साथ राज्य के जुड़ाव को एक नए स्तर पर ले जा रही है। इस मंच के माध्यम से भविष्य में तकनीकी साझेदारियों, बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश और कुशल मानव संसाधन आधारित विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के महत्वपूर्ण अवसर तलाशे जा रहे हैं।
धीरज सिंह की रिपोर्ट