बिहार के ‘सुपर CM’ नीतीश कुमार करेंगे सभी जिलों का दौरा! संजय झा से मिलकर JDU को मजबूत करने की खास प्लानिंग
संजय झा से बातचीत के दौरान वहां मौजूद समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भी नीतीश कुमार से जिलों का दौरा करने की अपील की। समर्थकों की ओर से नारेबाजी भी की गई और नीतीश कुमार के समर्थन में ‘सुपर सीएम’ के नारे लगाए जाने की बात सामने आई है।
Bihar News : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य बनने के बाद एक बार फिर बिहार की राजनीति में जमीनी स्तर पर सक्रिय होने की तैयारी में नजर आ रहे हैं। मंगलवार को नीतीश कुमार सुबह-सुबह JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें नीतीश कुमार के बिहार के सभी जिलों का दौरा करने का कार्यक्रम सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने संजय झा से कहा कि पार्टी के जो भी नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी उनसे मिलने आते हैं, उनसे मुलाकात की जाए, उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाए और उनकी समस्याओं के समाधान की कोशिश की जाए। इस दौरान संजय झा ने नीतीश कुमार से कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की मांग है कि वह बिहार के सभी जिलों का दौरा करें और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करें।
‘सुपर सीएम’ के नारे
इस बातचीत के दौरान वहां मौजूद समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भी नीतीश कुमार से जिलों का दौरा करने की अपील की। समर्थकों की ओर से नारेबाजी भी की गई और नीतीश कुमार के समर्थन में ‘सुपर सीएम’ के नारे लगाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, जिलों के दौरे को लेकर नीतीश कुमार की ओर से अभी किसी औपचारिक कार्यक्रम की घोषणा नहीं की गई है।
नीतीश के लिए खास रणनीति
नीतीश कुमार ने मार्च 2026 में राज्यसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया था। 16 मार्च को वह बिहार से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए और 10 अप्रैल को उन्होंने संसद में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। इसके बाद 15 अप्रैल 2026 को सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भी नीतीश कुमार JDU की राजनीति में केंद्रीय भूमिका में बने हुए हैं। वहीं, उनके बेटे निशांत कुमार ने भी 2026 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा। वह सम्राट चौधरी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं और जुलाई में बिहार विधान परिषद के सदस्य के रूप में शपथ ले चुके हैं। निशांत स्वास्थ्य मंत्री हैं।
ऐसे में नीतीश कुमार का संभावित जिलावार दौरा JDU के लिए संगठन को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अगर नीतीश कुमार प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हैं, तो इससे न सिर्फ संगठन में उनकी सक्रियता बढ़ेगी बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच भी नए सिरे से ऊर्जा पैदा करने की कोशिश के तौर पर इसे देखा जाएगा। खासकर मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद नीतीश कुमार की यह सक्रियता बिहार की सियासत में उनके भविष्य की भूमिका को लेकर भी चर्चाओं को तेज कर सकती है।