Bihar New Ration Card: बिहार में बनेंगे 1 करोड़ नए राशन कार्ड, CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, कोई गरीब नहीं रहेगा वंचित
Bihar New Ration Card: बिहार की सियासत में जनकल्याण को नई धार देने की कवायद के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किसानों के हित में ऊर्जा क्षेत्र के बड़े फैसलों के साथ-साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को भी मजबूत बनाने का ऐलान किया है। ...
Bihar New Ration Card: बिहार की सियासत में जनकल्याण को नई धार देने की कवायद के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किसानों के हित में ऊर्जा क्षेत्र के बड़े फैसलों के साथ-साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को भी मजबूत बनाने का ऐलान किया है। ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के पहुंचना चाहिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य का कोई भी पात्र परिवार सरकारी खाद्यान्न योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और लाभार्थियों को जल्द से जल्द राशन कार्ड उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी खाद्यान्न गोदामों में बिजली, भंडारण और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने पर भी विशेष जोर दिया। उनका कहना था कि मजबूत आधारभूत ढांचा ही पारदर्शी और प्रभावी सार्वजनिक वितरण प्रणाली की बुनियाद है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी लाभार्थियों का सटीक डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाए, ताकि फर्जीवाड़े पर रोक लगे और वास्तविक जरूरतमंदों तक सरकारी अनाज समय पर पहुंच सके।
बैठक में राशन वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी, तकनीक आधारित मॉनिटरिंग और जवाबदेही बढ़ाने पर भी बल दिया गया। सरकार का मानना है कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से पारदर्शिता बढ़ेगी और वितरण प्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी। राजनीतिक हलकों में इस पहल को गरीब, किसान और वंचित तबके को साधने की बड़ी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार अपने इन एलानों को कितनी तेजी से ज़मीन पर उतारती है और आम जनता तक इसका लाभ कितनी प्रभावी ढंग से पहुंचता है।